आज टेक्नोलॉजी के दौर में लगभग हर घर में Smart TV मौजूद है। आजकल के स्मार्ट टीवी काफी ज्यादा एडवांस हो चुके हैं जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फीचर्स के साथ-साथ ऑनलाइन स्ट्रीमिंग, गेमिंग और इंटरनेट फीचर्स का मिलना सामान्य हो गया है। स्मार्ट टीवी एंटरटेनमेंट का एक बड़ा और जरूरी साधन बन चुका है।
स्मार्ट टीवी का डेली रूटीन लाइफ में कई घंटे तक इस्तेमाल होता है इसलिए यह जानना भी बहुत जरूरी हो जाता है कि एक स्मार्ट टीवी कितनी बिजली की खपत करता है। आइए आपको बताते हैं कि आपका स्मार्ट टीवी एक महीने में कितनी बिजली की खपत करता है? एक्सपर्ट्स के मुताबिक, स्मार्ट टीवी की बिजली खपत उसके स्क्रीन साइज, डिस्प्ले टेक्नोलॉजी और उपयोग के घंटों पर निर्भर करती है। सही जानकारी होने पर यूजर्स अपने बिजली बिल को काफी हद तक कंट्रोल सकते हैं।
औसतन कितना बिजली खर्च करता है स्मार्ट टीवी?
सामान्य तौर पर 32 से 55 इंच के स्मार्ट टीवी प्रति घंटे लगभग 40 से 150 वॉट तक बिजली खर्च करते हैं।
- 32 इंच LED टीवी: लगभग 40–60 वॉट
- 43 इंच स्मार्ट टीवी: लगभग 70–100 वॉट
- 55 इंच 4K टीवी: लगभग 100–150 वॉट
यदि कोई परिवार रोजाना 5 घंटे टीवी देखता है, तो एक 100 वॉट का टीवी महीने में करीब 15 यूनिट बिजली खर्च कर सकता है। भारत में औसत घरेलू बिजली दर के हिसाब से इसका मासिक खर्च लगभग 100 से 150 रुपये तक हो सकता है।
OLED और QLED टीवी में किसकी खपत ज्यादा?
नई टेक्नोलॉजी वाले टीवी में बिजली खपत अलग-अलग होती है। OLED TV बेहतर पिक्चर क्वालिटी देते हैं, लेकिन ब्राइटनेस ज्यादा होने पर बिजली खपत बढ़ सकती है। QLED TV आमतौर पर बड़े स्क्रीन में अधिक पावर लेते हैं वहीं दूसरी तरफ साधारण LED टीवी अभी भी सबसे ज्यादा बिजली बचाने वाले ऑप्शन में गिने जाते हैं।
अगर आप नया स्मार्ट टीवी खरीदने जा रहे हैं तो आपको सिर्फ टीवी के स्क्रीन साइज पर ही नहीं ध्यान देना चाहिए, बल्कि उसकी “एनर्जी रेटिंग” भी जरूर देखनी चाहिए।
स्टैंडबाय मोड भी बढ़ाता है बिजली बिल
कई लोग टीवी बंद करने के बाद उसे मेन स्विच से ऑफ नहीं करते। ऐसे में टीवी “स्टैंडबाय मोड” में रहता है और लगातार थोड़ी-थोड़ी बिजली खर्च करता रहता है। हालांकि यह खपत कम होती है, लेकिन पूरे महीने में यह अतिरिक्त यूनिट जोड़ सकती है। खासकर यदि घर में कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस हों तो असर ज्यादा दिखाई देता है।
बिजली बचाने के आसान तरीके
स्मार्ट टीवी की बिजली खपत को कम करने के लिए आप कुछ आसान तरीके अपना सकते हैं। जरूरत न होने पर रिमोट के साथ मेन स्विच से भी टीवी को बंद करें। ब्राइटनेस और बैकलाइट सेटिंग कम रखें। पावर सेविंग मोड का उपयोग करें। अगर आपको रूम छोटा है तो बहुत बड़े साइज का स्मार्ट टीवी न खरीदें।
क्या स्मार्ट टीवी से बिजली बिल बहुत बढ़ जाता है?
ऊर्जा विशेषज्ञों का कहना है कि अकेला स्मार्ट टीवी बिजली बिल का सबसे बड़ा कारण नहीं होता। एयर कंडीशनर, गीजर और रेफ्रिजरेटर जैसे उपकरण कहीं अधिक बिजली खर्च करते हैं। फिर भी, लंबे समय तक टीवी चलाना और हाई-ब्राइटनेस सेटिंग्स उपयोग करना बिजली खपत बढ़ा सकता है। सही उपयोग और ऊर्जा बचत फीचर्स अपनाकर स्मार्ट टीवी को किफायती तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता है।
