Google For India 2024 Event: गूगल 3 अक्टूबर को अपना वार्षिक गूगल फॉर इंडिया 2024 कार्यक्रम करने वाला है। गूगल इंडिया ने आधिकारिक X (पहले Twitter) अकाउंट के जरिए यह घोषणा की है। इस कार्यक्रम में गूगल भारत में इंटरनेट एक्सेस, डिजिटल साक्षरता और टेक्नोलॉजी-ड्राइवन सॉल्यूशन को बढ़ाने के लिए चल रहे प्रयासों के बारे में जानकारी देता है।
कब और कितने बजे शुरू होगा कार्यक्रम
यह कार्यक्रम 3 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार सुबह 11:30 बजे आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम गूगल इंडिया के एक्स अकाउंट पर पहले पोस्ट किए गए एक क्रिपटिक टीजर के बाद आयोजित किया जाएगा। गूगल ने बाइनरी कोड में इवेंट की तारीख की घोषणा की है। इस मैसेज को डिकोड करने पर "गूगल फॉर इंडिया - 3 अक्टूबर" का पता चलता है, जो इस वार्षिक टेक शोकेस के 2024 वर्जन के लिए उत्सुकता पैदा करता है।
Google For India में क्या होगा खास
इस कार्यक्रम में अक्सर भाषा अनुवाद, डिजिटल पेमेंट, लोकल बिजनेस सपोर्ट, शिक्षा और सरकारी भागीदारी से संबंधित घोषणाएं की जाती हैं, जिनका उद्देश्य भारत के डिजिटल परिवर्तन को सशक्त बनाना है। हालांकि गूगल ने अब तक इस इवेंट में होने वाली घोषणाओं के बारे में जानकारी नहीं दी है।
गूगल फॉर इंडिया एक ऐसा महत्वपूर्ण प्लेटफार्म बन गया है, जहां कंपनी भारत में डिजिटल प्रगति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अपने लेटेस्ट इनोवेशन की जानकारी देती है। पिछले साल Google for India के 9वें वर्जन में कंपनी ने अपने प्रोडक्ट और सर्विस में AI में कई प्रोग्रेस के बारे में जानकारी दी थी। पिछले इवेंट में Google सर्च जेनरेटिव एक्सपीरियंस (SGE) की शुरुआत एक मुख्य आकर्षण थी।
