टेक एंड गैजेट्स

BSNL के अच्छे दिन आ रहे हैं, जल्द लॉन्च होगा eSIM, टाटा के साथ हुई पार्टनरशिप

BSNL eSIM: अब आप एयरटेल, जियो और वोडाफोन आइडिया की तरह BSNL के भी ई-सिम का इस्तेमाल कर सकेंगे। BSNL के ई-सिम को सिर्फ एक क्यूआर कोड के जरिए फोन में एक्टिव किया जा सकेगा। BSNL ने ई-सिम के लिए टाटा कम्युनिकेशन के साथ साझेदारी की है। बता दें कि BSNL ने हाल ही में 4G सर्विस लॉन्च की है।

Image

BSNL E SIM/Photo-BSNL/X

धीरे-धीरे ही सही भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के अच्छे दिन आ रहे हैं। कुछ दिन पहले ही BSNL की 4जी सर्विस लॉन्च हुई है और अब BSNL और टाटा कम्युनिकेशंस ने मिलकर पूरे देश में eSIM सेवा शुरू करने की घोषणा की है। इस नई तकनीक से अब मोबाइल कनेक्शन लेने के लिए फिजिकल सिम कार्ड की जरूरत नहीं पड़ेगी। यूजर्स अपने फोन में QR कोड स्कैन करके कनेक्शन को एक्टिवेट कर सकेंगे।

क्या है eSIM?

eSIM यानी 'इलेक्ट्रॉनिक सिम', एक डिजिटल सिम होती है जिसे मोबाइल में पहले से ही इनबिल्ट चिप के जरिए इस्तेमाल किया जाता है। इसमें सिम कार्ड डालने की जरूरत नहीं होती। इससे आप एक ही फोन में एक फिजिकल सिम और एक eSIM का इस्तेमाल कर सकते हैं, जो खासतौर पर अंतरराष्ट्रीय यात्राओं में बहुत फायदेमंद है।

BSNL का बड़ा कदम

BSNL के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर ए. रॉबर्ट रवि ने कहा, "देशभर में eSIM सेवा की शुरुआत हमारे टेलीकॉम सिस्टम के लिए एक रणनीतिक बदलाव है। टाटा कम्युनिकेशंस के सहयोग से हम मोबाइल सेवाओं को और अधिक सुरक्षित, लचीला और प्रभावशाली बना रहे हैं। यह डिजिटल आत्मनिर्भरता की दिशा में हमारा एक और कदम है।" BSNL ने अगस्त में तमिलनाडु सर्कल में इस सेवा की शुरुआत की थी।

अब पूरे देश में इसका विस्तार किया जा रहा है। हाल ही में ओडिशा के झारसुगुड़ा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BSNL के 100% स्वदेशी 4G नेटवर्क का उद्घाटन किया। इस नेटवर्क के तहत 97,500 मोबाइल टावर बनाए गए हैं, जिनकी लागत करीब ₹37,000 करोड़ है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article