टेक एंड गैजेट्स

Gmail में आया सबसे काम का फीचर, ऑनलाइन ऑर्डर ट्रैक करना हो जाएगा आसान

Gmail का नया Purchases टैब ऑनलाइन खरीदारों के लिए सबसे काम का फीचर साबित हो सकता है। इसमें सभी ऑर्डर और डिलीवरी अपडेट एक ही जगह देखने को मिलेंगे।

Image

(Image Source: Google)

Google ने Gmail में एक नया फीचर जोड़ा है जिससे ऑनलाइन शॉपिंग करने वालों की मुश्किलें काफी आसान हो जाएंगी। Gmail ने नया ‘Purchases’ टैब फीचर पेश किया है, इसकी मदद से यूजर अपने सभी पुराने और नए ऑर्डर एक ही जगह ट्रैक कर पाएंगे। इसके अलावा आने वाले पैकेज डिलीवरी की जानकारी भी सीधे इनबॉक्स में दिखाई जाएगी।

नया Purchases टैब क्या है

Gmail का यह नया टैब सभी खरीदारी और डिलीवरी अपडेट्स को एक जगह लाता है। Google का कहना है कि इससे यूजर्स को अपने पैकेज डिलीवरी पर बर्ड्स-आई व्यू मिलेगा, यानी आने वाले और पिछले दोनों ऑर्डर आसानी से ट्रैक किए जा सकेंगे। अब रिसीट्स या शिपमेंट ईमेल्स खोजने की झंझट खत्म हो जाएगी।

इनबॉक्स में दिखेंगे डिलीवरी अलर्ट

Google ने बताया कि जिन पैकेजों की डिलीवरी अगले 24 घंटे में होने वाली है, वे सीधे यूजर के प्राइमरी इनबॉक्स के टॉप पर दिखाई देंगे। इसके अलावा, एक नया समरी कार्ड व्यू भी मिलेगा, जिससे ईमेल्स और अपडेट्स को आसान इंटरफेस में देखा जा सकेगा।

वेब और मोबाइल पर कब होगा रोलआउट

यह ऑर्डर ट्रैकिंग फीचर आज से धीरे-धीरे Gmail वेब और मोबाइल दोनों प्लेटफॉर्म्स पर रोलआउट होना शुरू हो गया है। शुरुआत में यह केवल पर्सनल Google अकाउंट्स वाले यूजर्स को मिलेगा और आने वाले दिनों में ज्यादा लोगों तक पहुंचेगा।

Promotions टैब में भी बदलाव

Google ने Gmail के Promotions टैब को भी अपडेट किया है। अब यूज़र्स अपने प्रमोशनल ईमेल्स को “Most Relevant” के आधार पर सॉर्ट कर पाएंगे, जिससे उन्हें सिर्फ जरूरी ब्रांड्स और ऑफर्स की जानकारी मिलेगी। इससे बेकार के ईमेल्स से छुटकारा मिल सकेगा।

Nudges से मिलेगा बेहतर अनुभव

Gmail अब Promotions सेक्शन में Nudges भी दिखाएगा। ये समय पर आने वाले डील्स और ऑफर्स को हाइलाइट करेंगे, ताकि यूजर्स कोई जरूरी ऑफर मिस न करें। हालांकि यह फीचर फिलहाल मोबाइल ऐप पर आने वाले हफ्तों में रोलआउट होगा।

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article