Starlink Coming in india: भारत सरकार के दूरसंचार विभाग (DoT) ने एलन मस्क की कंपनी Starlink को देश में सैटेलाइट कम्युनिकेशन सर्विस शुरू करने के लिए लाइसेंस दे दिया है। यह जानकारी समाचार एजेंसी PTI ने सरकारी सूत्रों के हवाले से दी है।
हालांकि अब तक सरकार या Starlink की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों ने बताया कि कंपनी को लाइसेंस मिल चुका है और 15-20 दिनों के भीतर ट्रायल स्पेक्ट्रम भी जारी कर दिया जाएगा। इस कदम के बाद उम्मीद की जा रही है कि देश के दूरदराज के इलाकों में भी हाई-स्पीड इंटरनेट की पहुंच आसान हो जाएगी। Starlink की एंट्री से भारत के इंटरनेट इन्फ्रास्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव आने की संभावना है।
बता दें कि हाल ही में, स्टारलिंक ने बांग्लादेश में अपनी सर्विस शुरू कीं, जिसमें 3,000 रुपये का मासिक शुल्क और 33,000 रुपये की एकमुश्त हार्डवेयर लागत शामिल है। भारत में इसकी कीमत इसी के आसपास रह सकती है। हालांकि, लॉन्च के बाद ही इसकी भारत में कीमत की जानकारी सामने आएगी।
चार साल से भारत में रास्ते खोज रही स्टारलिंक
स्टारलिंक 2021 से ही भारतीय मार्केट पर नजर रखे हुए है। हालांकि, इसके शुरुआती प्रयासों को रोक दिया गया था, जिसके कारण नियामक बाधाओं के कारण प्री-ऑर्डर भुगतान वापस करना पड़ा था। हाल ही में मिली मंजूरी भारत में जल्द स्टारलिंक लॉन्च की ओर संकेत देती है।
स्टारलिंक दूरसंचार विभाग (DoT) से ऐसा लाइसेंस प्राप्त करने वाली तीसरी कंपनी है। इससे पहले रिलायंस और OneWeb को भी सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस के लिए लाइसेंस मिल चुका है।
