टेक एंड गैजेट्स

Elon Musk का एक ट्वीट और ताबड़तोड़ कैंसिल होने लगे Netflix सब्सक्रिप्शन, जानें क्या है मामला?

एलन मस्क द्वारा नेटफ्लिक्स को कैंसिल करने की अपील के बाद, एक ओर जहां इसके कई यूजर्स बड़ी संख्या में अपना नेटफ्लिक्स सब्सक्रिप्शन बंद कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग उनके ट्वीट को रीट्वीट कर रहे हैं।

Image

एलन मस्क के ट्वीट के बाद लोग कैंसिल करने लगे नेटफ्लिक्स सब्सक्रिप्शन। (फोटो क्रेडिट-iStock)

नेटफ्लिक्स एक पॉपुलर ओटीटी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म है। दुनियाभर में करोड़ों लोग हर दिन इसका इस्तेमाल करते हैं। दुनिया के सबसे अमीर शख्स, एलन मस्क ने एक ऐसा पोस्ट किया जिसने नेटफ्लिक्स को हिला कर रख दिया। मस्क के एक ट्वीट से नेटफ्लिक्स को लेकर आंधी जैसी हलचल मच गई और सोशल मीडिया में ऐप को लेकर एक के बाद एक पोस्ट लिखे जाने लगे। मस्क के ट्वीट के बाद भारी संख्या में लोगों ने नेटफ्लिक्स अकाउंट को कैंसिल भी कर दिया। आइए आपको इस पूरे मामले की जानकारी देते हैं।

मस्क के पोस्ट ने मचाई हलचल

मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों की भलाई के लिए नेटफ्लिक्स का सब्सक्रिप्शन रद्द कर दें। मस्क ने लिखा, "अपने बच्चों के स्वास्थ्य के लिए नेटफ्लिक्स कैंसिल करें।" बस इस एक पोस्ट ने नेटफ्लिक्स को लेकर बड़ी हलचल पैदा कर दी। भारी संख्या में लोगों ने प्लान को रद्द किया और सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट भी शेयर की। सोशल मीडिया पर नेटफ्लिक्स को कैंसिल करने वाले यूजर्स की पोस्ट्स की भरमार देखने को मिल रही है।

मिंट की एक रिपोर्ट के अनुसार, एलन मस्क की तरफ से किया गया यह पोस्ट एक सोशल मीडिया पोस्ट के जवाब में किया गया था, जिसमें यह आरोप लगाया गया था कि नेटफ्लिक्स अपनी कुछ सामग्री के माध्यम से 'ट्रांसजेंडर वोक एजेंडा' को बढ़ावा दे रहा है। गौरतलब है कि मस्क बीते कुछ वर्षों से 'वोकिज्म' के खिलाफ कई बार अपनी राय रख चुके हैं। वे 'वोक माइंड वायरस' कहकर इसकी आलोचना करते हैं और इसे समाज के लिए बेहद हानिकारक मानते हैं।

एलन मस्क द्वारा नेटफ्लिक्स को कैंसिल करने की अपील के बाद, एक ओर जहां इसके कई यूजर्स बड़ी संख्या में अपना नेटफ्लिक्स सब्सक्रिप्शन बंद कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग उनके ट्वीट को रीट्वीट कर रहे हैं और नए पोस्ट से न केवल नेटफ्लिक्स को रद्द करने की बात कह रहे हैं, बल्कि वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म का पूरी तरह से बहिस्कार करने की भी अपील कर रहे हैं।

मस्क ला रहे हैं नया प्लेटफॉर्म

आपको बता दें कि'वोक' विचारधारा के खिलाफ मस्क की आलोचना यहीं तक सीमित नहीं है। उन्होंने विकिपीडिया फाउंडेशन की भी खुलकर आलोचना की है और उसे पक्षपाती बताया है। आपको बता दें कि मस्क ने इस सप्ताह की शुरुआत में जानकारी दी कि उनकी कंपनी xAI एक नया प्लेटफॉर्म ‘Grokipedia’ विकसित कर रहा है, जो उनके एआई चैटबॉट Grok द्वारा पर बेस्ड होगा।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article