टेक एंड गैजेट्स

कौन हैं भारतवंशी आशा शर्मा, जो माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग की नई CEO का संभालेंगी पद

माइक्रोसॉफ्ट ने भारतीय मूल की आशा शर्मा को अपने गेमिंग डिवीजन का नया एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और सीईओ नियुक्त किया है, जहां वह फिल स्पेंसर की जगह लेंगी। तकनीक और प्रोडक्ट लीडरशिप में करीब 15 वर्षों के अनुभव के साथ उन्होंने मेटा, इंस्टाकार्ट और अन्य वैश्विक कंपनियों में अहम भूमिकाएं निभाई हैं। हाल ही में माइक्रोसॉफ्ट में कोर एआई प्रोडक्ट की जिम्मेदारी संभालने के बाद अब उन्हें Xbox समेत पूरे गेमिंग बिजनेस का नेतृत्व सौंपा गया है।

Image

मिलिए माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग की नई CEO से (फोटो: माइक्रोसॉफ्ट)

Microsoft Gaming New CEO: माइक्रोसॉफ्ट ने भारतीय मूल की आशा शर्मा को अपने गेमिंग डिवीजन का नया एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और सीईओ नियुक्त किया है। वह फिल स्पेंसर का स्थान लेंगी, जो माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग में करीब चार दशक तक सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हो रहे हैं। कंपनी के सीईओ सत्या नडेला ने इस नियुक्ति की घोषणा करते हुए कहा कि गेमिंग कंपनी की कंज्यूमर रणनीति का एक अहम हिस्सा है और उन्हें इस दिशा में आगे बढ़ने को लेकर काफी उत्साह है। उन्होंने यह भी बताया कि आशा शर्मा माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और सीईओ के रूप में सीधे उन्हें रिपोर्ट करेंगी।

कौन हैं आशा शर्मा?

आशा शर्मा ने यूनिवर्सिटी ऑफ मिनेसोटा के कार्लसन स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से शिक्षा प्राप्त की है। उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, उन्हें टेक्नोलॉजी, प्रोडक्ट मैनेजमेंट और ऑपरेशन्स लीडरशिप में लगभग 15 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने वर्ष 2011 में माइक्रोसॉफ्ट के मार्केटिंग विभाग से अपने पेशेवर सफर की शुरुआत की। करीब दो साल बाद, वह Porch Group से चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर के रूप में जुड़ीं, जहां कंपनी को विकसित करने और विस्तार देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान उन्होंने प्रोडक्ट, इंजीनियरिंग, सेल्स, मार्केटिंग और ऑपरेशन्स जैसी प्रमुख टीमों का नेतृत्व किया और कंपनी के लगभग 1 अरब डॉलर के सार्वजनिक सूचीबद्ध होने की प्रक्रिया का भी हिस्सा रहीं। इसके अतिरिक्त, वह इससे पहले चीफ मार्केटिंग ऑफिसर की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं और वर्ष 2015 से 2022 तक कंपनी के बोर्ड मेंबर के रूप में भी योगदान देती रहीं।

आशा शर्मा का वर्क एक्सपीरियंस

साल 2017 में आशा शर्मा Meta से प्रोडक्ट और इंजियरिंग की वाइस प्रेसिडेंट के रूप में जुड़ीं। यहां उन्होंने मैसेंजर और इंस्टाग्राम डायरेक्ट में हेड ऑफ प्रोडक्ट की जिम्मेदारी संभाली। इसके साथ ही वह कॉलिंग, वीडियो और किड्स एक्सपीरियंस की जनरल मैनेजर भी रहीं। इससे पहले वह सोशल इम्पैक्ट प्रोडक्ट्स की डायरेक्टर के पद पर कार्य कर चुकी थीं। बाद में उन्होंने Instacart में लगभग तीन वर्षों तक चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर के तौर पर काम किया। उनके नेतृत्व में कंपनी ने न केवल आईपीओ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाए, बल्कि मुनाफे तक पहुंचने में भी सफलता हासिल की। वह 30 बिलियन डॉलर से अधिक के GMV P&L की जिम्मेदारी संभाल रही थीं, जिसमें प्रोडक्ट, डिजाइन, डेटा साइंस, रिसर्च, मार्केटिंग, ऑपरेशन्स, कस्टमर सपोर्ट और नए व्यवसायों की निगरानी शामिल थी।

किसे किया गया चीफ कंटेंट ऑफिसर नियुक्त?

साल 2024 में आशा शर्मा ने Microsoft में दोबारा वापसी की और प्रेसिडेंट, कोर एआई प्रोडक्ट के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इस भूमिका में उन्होंने वैश्विक ग्राहकों के लिए एआई मॉडल्स, एप्लिकेशन्स, एजेंट्स, रिस्पॉन्सिबल एआई पहलों और डेवलपर टूल्स से जुड़े प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का नेतृत्व किया। इससे पहले वह माइक्रोसॉफ्ट के एआई प्लेटफॉर्म में कॉर्पोरेट वाइस प्रेसिडेंट और हेड ऑफ प्रोडक्ट के पद पर भी कार्य कर चुकी थीं। अब उन्हें कंपनी के गेमिंग डिवीजन की कमान सौंपी गई है, जिसमें Xbox का बिजनेस भी शामिल है। इसके अलावा, आशा शर्मा Coupang और The Home Depot के बोर्ड मेंबर के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रही हैं। माइक्रोसॉफ्ट ने एक्सबॉक्स डिवीजन में पुनर्गठन की प्रक्रिया भी शुरू की है। इस बदलाव के तहत Matt Booty को चीफ कंटेंट ऑफिसर नियुक्त किया गया है और वह सीधे आशा शर्मा को रिपोर्ट करेंगे।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article