टेक एंड गैजेट्स

Apple ने OpenAI पर कसा कानूनी शिकंजा, 40 पूर्व कर्मचारियों को भेजे लीगल नोटिस, ट्रेड सीक्रेट चुराने का आरोप

यह मामला AI इंडस्ट्री के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसका असर भविष्य में बड़ी टेक कंपनियों द्वारा कर्मचारियों की भर्ती और ट्रेड सीक्रेट सुरक्षा से जुड़े नियमों पर भी पड़ सकता है।

Image

Apple ने क्यों भेजे लीगल लेटर?/Photo-AI

Apple और OpenAI के बीच कानूनी विवाद अब और गहरा गया है। iPhone वाली कंपनी Apple ने अपने लगभग 40 पूर्व कर्मचारियों को लीगल प्रिजर्वेशन लेटर भेजा है, जो फिलहाल OpenAI में काम कर रहे हैं। कंपनी ने इन कर्मचारियों से कहा है कि वे ईमेल, मैसेज, दस्तावेज और अन्य सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखें, क्योंकि इन्हें ट्रेड सीक्रेट से जुड़े मुकदमे में सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है।

Apple ने क्यों भेजे लीगल लेटर?

फाइनेंशियल की रिपोर्ट के मुताबिक, Apple का आरोप है कि OpenAI ने उसके कई अनुभवी इंजीनियरों को भर्ती करके कंपनी के गोपनीय हार्डवेयर और प्रोडक्ट डेवलपमेंट से जुड़ी संवेदनशील जानकारी हासिल की है। इसी वजह से Apple ने अपने पूर्व कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि वे किसी भी तरह के डिजिटल रिकॉर्ड को डिलीट न करें। ऐसे लीगल प्रिजर्वेशन लेटर अमेरिका में मुकदमे की प्रक्रिया के दौरान आमतौर पर भेजे जाते हैं, ताकि संभावित सबूत सुरक्षित रह सकें।

OpenAI पर क्या हैं Apple के आरोप?

पिछले सप्ताह Apple ने OpenAI के खिलाफ ट्रेड सीक्रेट चोरी का मुकदमा दायर किया था। कंपनी का कहना है कि OpenAI ने आक्रामक तरीके से Apple के कर्मचारियों की भर्ती की और इस दौरान कंपनी की गोपनीय तकनीकी जानकारी तक पहुंच बनाई। Apple का दावा है कि यह मामला कुछ कर्मचारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि बड़े स्तर पर कंपनी के ट्रेड सीक्रेट्स के दुरुपयोग का मामला हो सकता है।

मुकदमे में किन लोगों का नाम शामिल?

Apple की शिकायत में OpenAI के चीफ हार्डवेयर ऑफिसर Tang Tan और हार्डवेयर टीम के सदस्य Chang Liu का प्रमुख रूप से उल्लेख किया गया है। Tang Tan ने Apple में करीब 24 वर्षों तक काम किया और कंपनी के कई प्रमुख प्रोडक्ट्स के डिजाइन में अहम भूमिका निभाई। Chang Liu Apple में सीनियर सिस्टम इलेक्ट्रिकल इंजीनियर थे और बाद में OpenAI से जुड़ गए। Apple का आरोप है कि इन इंजीनियरों के जरिए OpenAI को कंपनी के प्रोपाइटरी डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस और अन्य गोपनीय जानकारियों तक पहुंच मिली।

OpenAI ने आरोपों को किया खारिज

OpenAI ने ब्लूमबर्ग को दिए अपने बयान में Apple के सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। कंपनी का कहना है कि उसे ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे Apple की शिकायत सही साबित होती हो। OpenAI के अनुसार, फिलहाल इन आरोपों का कोई ठोस आधार सामने नहीं आया है।

Apple का बड़ा दावा

Apple ने अपने मुकदमे में यह भी कहा है कि 400 से अधिक पूर्व Apple कर्मचारी अब OpenAI में काम कर रहे हैं। कंपनी का कहना है कि अब तक सामने आए सबूत शायद पूरे मामले का सिर्फ शुरुआती हिस्सा हैं और जांच आगे बढ़ने पर और तथ्य सामने आ सकते हैं।

Apple अदालत से क्या मांग रहा है?

Apple ने अदालत से मांग की है कि OpenAI को किसी भी ऐसी जानकारी का उपयोग करने से रोका जाए जो कथित तौर पर Apple के कर्मचारियों के माध्यम से कंपनी तक पहुंची हो। इसके अलावा Apple ने मुआवजे और हर्जाने की भी मांग की है। कंपनी पहले ही Tang Tan और Chang Liu के खिलाफ उनके रोजगार अनुबंध का उल्लंघन करने का अलग मुकदमा भी दायर कर चुकी है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article