टेक एंड गैजेट्स

Apple की भारत में बंपर सेल, मार्च तिमाही में 25% की छलांग; फिर भी Vivo टॉप पर कायम!

Apple India sales rise: रिपोर्ट के मुताबिक, शाओमी की हिस्सेदारी में सालाना आधार पर शीर्ष पांच में शामिल कंपनियों में से सबसे अधिक 37 प्रतिशत की गिरावट आई। यह किफायती और ‘वैल्यू-फॉर-मनी’ स्मार्टफोन दोनों खंडों में चुनौतियों को दर्शाती है। रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी-मार्च तिमाही में भारत में 5जी स्मार्टफोन की आपूर्ति कुल बाजार का 86 प्रतिशत रही, जो सालाना आधार पर 14 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

Image

Apple India sales rise

Apple India sales rise: भारत में एप्पल के आईफोन की आपूर्ति में जनवरी-मार्च तिमाही 2025 में सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान इसकी बाजार हिस्सेदारी भी बढ़कर आठ प्रतिशत हो गई। वहीं दक्षिण कोरिया की कंपनी सैमसंग 18 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ भारतीय बाजार में दूसरे और शाओमी 13 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ तीसरे स्थान पर रही।

स्मार्टफोन बाजार

साइबरमीडिया रिसर्च (सीएमआर) की सोमवार को जारी एक रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की स्मार्टफोन विनिर्माता वीवो की जनवरी-मार्च 2025 तिमाही में भारत के समग्र स्मार्टफोन बाजार में सबसे अधिक 20 प्रतिशत हिस्सेदारी रही। इसके साथ ही भारतीय स्मार्टफोन बाजार में इसमें अपना दबदबा कायम रखा।

रिपोर्ट के मुताबिक, शाओमी की हिस्सेदारी में सालाना आधार पर शीर्ष पांच में शामिल कंपनियों में से सबसे अधिक 37 प्रतिशत की गिरावट आई। यह किफायती और ‘वैल्यू-फॉर-मनी’ स्मार्टफोन दोनों खंडों में चुनौतियों को दर्शाती है। ओप्पो स्मार्टफोन की बिक्री सालाना आधार पर आठ प्रतिशत बढ़ी और इसकी बाजार हिस्सेदारी 12 प्रतिशत पर पहुंच गई। वहीं मोटोरोला ने सालाना आधार पर 53 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की।

रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी-मार्च तिमाही में भारत में 5जी स्मार्टफोन की आपूर्ति कुल बाजार का 86 प्रतिशत रही, जो सालाना आधार पर 14 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। फीचरफोन खंड में चीन की कंपनी आईटेल ने 41 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ बाजार का नेतृत्व किया। इसके बाद घरेलू मोबाइल फोन विनिर्माता लावा का स्थान रहा, जिसने सालाना आधार पर 14 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की।

नोकिया ब्रांड का स्वामित्व रखने वाली कंपनी एचएमडी की बिक्री इस तिमाही में छह प्रतिशत घटने के बावजूद बाजार हिस्सेदारी 19 प्रतिशत रही। मीडियाटेक ने 46 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ भारत के स्मार्टफोन चिपसेट बाजार पर अपना दबदबा कायम रखा। क्वालकॉम ने 35 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ प्रीमियम स्मार्टफोन खंड (25,000 रुपये से अधिक मूल्य के) का नेतृत्व किया।

इनपुट-भाषा

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article