टेक एंड गैजेट्स

AI संप्रभुता का मतलब 'अकेले चलना' नहीं; सुनील गुप्ता ने समझाया डिजिटल आत्मनिर्भरता का असली अर्थ!

AI Impact Summit 2026: योट्टा डेटा सर्विसेज के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुनील गुप्ता ने एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में कहा कि हम दुनिया भर में हमेशा एक-दूसरे पर निर्भर रहेंगे और एक-दूसरे के साथ जुड़े रहेंगे।

Image

सुनील गुप्ता ने समझाया डिजिटल आत्मनिर्भरता का असली अर्थ (Photo: AI Generated)

AI Impact Summit 2026: योट्टा डेटा सर्विसेज के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुनील गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस(एआई) संप्रभुता का मतलब अलग-थलग पड़ना या पूर्ण आत्मनिर्भरता नहीं है, बल्कि रणनीतिक नियंत्रण है।

एक-दूसरे पर रहेंगे सभी निर्भर

भाषा (पीटीआई) की एक रिपोर्ट के अनुसार, ’एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ में गुप्ता ने जोर दिया कि टेक्नोलॉजी में परस्पर वैश्विक निर्भरता अपरिहार्य है। उन्होंने कहा, "हम दुनिया भर में हमेशा परस्पर जुड़े और एक-दूसरे पर निर्भर रहेंगे।" गुप्ता ने कहा कि कुछ देश चिप मैन्युफैक्चरिंग में आगे होंगे, तो कुछ कच्चे माल, डेटा, मॉडल, प्रतिभा या पूंजी में उत्कृष्ट होंगे इसलिए सहयोग आवश्यक है।

संप्रभुता का मतलब दुनिया से अलग होना नहीं

उन्होंने स्पष्ट किया कि संप्रभुता का मतलब यह नहीं है कि सब कुछ देश में ही बनाने की कोशिश की जाए या खुद को दुनिया से अलग कर लिया जाए। इसका मतलब यह सुनिश्चित करना है कि कोई एक देश या कंपनी किसी राष्ट्र के डिजिटल भविष्य को नियंत्रित न कर सके। गुप्ता ने कहा, "संप्रभुता को अक्सर इस विचार से भ्रमित किया जाता है कि हम सब कुछ खुद करेंगे और दुनिया से अलग हो जाएंगे लेकिन संप्रभुता का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि हम अलग-थलग पड़ जाएं और सब कुछ खुद करने लगें।"

मुख्य कंप्यूटर अवसंरचना रहे राष्ट्रीय सीमाओं के भीतर

उन्होंने कहा कि मुख्य कंप्यूटर अवसंरचना को राष्ट्रीय सीमाओं के भीतर और घरेलू नियंत्रण में रखना बेहद महत्वपूर्ण है, "इन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल अपने परिवेश और अपने नियंत्रण में करें।" ग्लोबल टेक्नोलॉजी कंपनियों जैसे एनवीडिया, माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन की टेक्नोलॉजी का उपयोग करते हुए भी योट्टा ने यह सुनिश्चित किया कि पूरा टेक्नोलॉजी स्ट्रक्चर भारत में संचालित और स्थानीय नियंत्रण में रहे।

इस बीच लार्सन एंड टुब्रो-व्योमा की मुख्य कार्यकारी सीमा अंबस्थ ने कहा कि संप्रभु क्षमता का निर्माण मजबूत एवं रणनीतिक साझेदारियां स्थापित करने से संभव है। गौरतलब है कि योट्टा डेटा सर्विसेज ने राष्ट्रीय राजधानी के बाहर स्थापित किए जा रहे एक एआई कंप्यूटिंग हब में एनवीडिया के लेटेस्ट चिप पर दो अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक खर्च करने की बुधवार को घोषणा की थी। योट्टा के मुंबई, गुजरात और ग्रेटर नोएडा में तीन डेटा सेंटर परिसर हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article