AI Impact Summit 2026 : विदेशी मेहमानों को मिली बड़ी सुविधा, बिना बैंक खाते के UPI से कर पाएं पेमेंट
- Authored by: गौरव तिवारी
- Updated Feb 16, 2026, 02:21 PM IST
AI Impact Summit 2026 : NPCI ने अपने बयान में कहा कि इस पायलट योजना के तहत विदेशी मेहमान भारत में रहते हुए आसानी से, सुरक्षित और तुरंत दुकानदारों को (P2M) यूपीआई भुगतान कर सकेंगे।
भारत आने वाले विदेशी मेहमान अब यूपीआई के जरिए कर पाएंगे पेमेंट।
AI Impact Summit 2026: नई दिल्ली में होने वाले भारत के एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में शामिल होने वाले विदेशी मेहमान अब बिना भारतीय मोबाइल नंबर या बैंक खाते के भी तुरंत यूपीआई से दुकानदारों को भुगतान कर सकेंगे। भारत में रिटेल भुगतान और सेटलमेंट सिस्टम चलाने वाली संस्था National Payments Corporation of India (NPCI) ने आज ‘UPI वन वर्ल्ड’ वॉलेट सेवा का दायरा बढ़ा दिया है। अब यह सुविधा 16 से 20 फरवरी तक नई दिल्ली में होने वाले इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में शामिल होने वाले 40 से ज्यादा देशों के विदेशी मेहमानों के लिए उपलब्ध होगी।
National Payments Corporation of India (NPCI) ने भारत के तेजी से बढ़ते डिजिटल भुगतान सिस्टम की मजबूत नींव रखने में अहम भूमिका निभाई है, जिससे देश को दुनिया में पहचान मिली है। NPCI ने अपने बयान में कहा कि इस पायलट योजना के तहत विदेशी मेहमान भारत में रहते हुए आसानी से, सुरक्षित और तुरंत दुकानदारों को (P2M) यूपीआई भुगतान कर सकेंगे।
मोबाइल नंबर या फिर बैंक खाते की नहीं होगी जरूरत
NPCI की इस सविधा में विदेशी महमान को भारतीय मोबाइल नंबर या बैंक खाते की जरूरत नहीं होगी। समिट में भाग लेने के लिए भारत आने वाले गेस्ट ‘मेड इन इंडिया’ यूपीआई तकनीक का इस्तेमाल करते हुए भारत की संस्कृति और खाने-पीने का आनंद ले सकेंगे।
‘UPI वन वर्ल्ड’ वॉलेट नई दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर और भारत मंडपम में NPCI पैवेलियन (हॉल 14, स्टॉल नंबर 14.16) पर ऑथराइज़्ड PPI (प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट) जारी करने वालों के ज़रिए उपलब्ध है।
बचा हुआ पैसा हो जाएगा वापस
बयान में कहा गया है कि यात्री अलग-अलग भुगतान तरीकों से अपने वॉलेट में पैसे जोड़ सकते हैं। इसके बाद वे PPI-UPI ऐप के जरिए UPI क्यूआर कोड स्कैन करके भुगतान कर सकते हैं। इस सुविधा से उन्हें नकद पैसे रखने या विदेशी मुद्रा बदलने की झंझट से छुटकारा मिल जाएगा। अगर वॉलेट में कुछ पैसा बच जाता है, तो विदेशी मुद्रा नियमों के अनुसार उसे उसी मूल भुगतान प्रॉसेस में वापस भेजा जा सकता है।
‘UPI One World’ सर्विस का फायदा कैसे उठाएं
- Play Store / App Store से Transcorp का CheqUPI ऐप डाउनलोड करें
- एप्लिकेशन फॉर्म भरें: इसमें यूजर को पर्सनल डिटेल्स जैसे – मोबाइल नंबर, नाम, ईमेल फिल करना होगा।
- अब अगले स्टेप में डॉक्यूमेंट्स अपलोड करना होगा। इसमें पासपोर्ट साइज फोटो, वीजा डॉक्यूमेंट देना होगा।
- अब आपको ऐप में अपनी सेल्फी फोटो लेनी होगी।
- अब अपना UPI PIN सेट करें, एक यूनिक UPI ID जेनरेट होगी।
- इंटरनेशनल डेबिट या क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करके अपना UPI One World वॉलेट लोड करें
- सारी डिटेल्स सबमिट होने के बाद आप ऐप से पेमेंट कर पाएंगे। , ऐप पेमेंट के लिए तैयार है।
