स्पोर्ट्स

Junior Hockey World Cup: भारत की सेमीफाइनल में हार के बाद बोले कोच पीआर श्रीजेश, बड़े मैच का दबाव नहीं झेल पाई टीम

जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन जर्मनी के खिलाफ टीम इंडिया की 1-5 के अंतर से करारी हार के बाद कोच पीआर श्रीजेश ने कहा, बड़े मैच का दबाव नहीं झेल पाई टीम इस वजह से मिली हार।

Image

पीआर श्रीजेश (फोटो क्रेडिट PTI Screen grab)

चेन्नई: डिफेंडिंग चैम्पियन जर्मनी के हाथों जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप सेमीफाइनल में 1-5 से मिली हार के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच पी आर श्रीजेश ने कहा कि खिलाड़ी बड़े मैच का दबाव नहीं झेल सके। श्रीजेश ने मैच के बाद कहा,'हम अपेक्षा के अनुरूप नहीं खेल पाये । जूनियर विश्व कप के सेमीफाइनल जैसे मैच में आसान मौके गंवाने से काम नहीं चलता।'

हाथ आए मौकों को भुनाने में हुए नाकाम

भारतीय टीम पहले हाफ में ही तीन गोल से पिछड़ गई थी। भारत को एकमात्र पेनल्टी कार्नर मैच खत्म होने में दस मिनट बाकी रहते मिला जिसे अनमोल इक्का ने गोल में भी बदला हालांकि तब तक मैच का नतीजा तय हो चुका था। दो बार के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता श्रीजेश ने कहा,'हमें काफी मौके मिले लेकिन हम उन्हें भुना नहीं सके। हम मैच में एक ही पेनल्टी कॉर्नर बना सके जिस पर गोल भी हुआ लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।'

तीन गोल गंवाने के बाद, दबाव से नहीं उबर पाई टीम

यह पूछने पर कि क्या टीम पर मानसिक दबाव था, कोच ने कहा,'ऐसा नहीं था लेकिन कई बार माहौल और बड़े मैच का दबाव युवा खिलाड़ियों पर आ जाता है। विरोधी टीम अच्छा खेलती है तो हम बेसिक्स भूल जाते हैं। ये अनुभव से सीखेंगे और मुझे उम्मीद है कि आने वाले समय में बेहतर प्रदर्शन होगा। आपको पहले ही मिनट से विरोधी टीम के बराबर खेलना होता है क्योंकि एक बार दबाव बनने के बाद उससे निकलना बाहर होता है। तीन गोल गंवाने के बाद मैच में वापसी करना आसान नहीं होता और हम उस दबाव से निकल नहीं पाये।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article