स्पोर्ट्स

इटली के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी निकोल पिएत्रांगेली का 92 साल की उम्र में निधन

सबसे ज्यादा डेविस कप मैच जीतने वाले और दो बार के फ्रेंच ओपन चैंपियन निकोल पिएत्रांगेली का 92 साल की उम्र में निधन हो गया। इटली के टेनिस एंव पैडल महासंघ ने सोमवार को उनके निधन की घोषणा की लेकिन इसका कारण नहीं बताया।

Image

निकोल पिएत्रांगेली (साभार-Tennis World USA)

इटली के दिग्गज और सबसे सफल टेनिस खिलाड़ियों में शामिल निकोल पिएत्रांगेली का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। इटली के इस चैंपियन खिलाड़ी के 1950 और 1960 के दशक में कायम देश के लिए कई रिकॉर्ड को हाल के वर्षों में यानिक सिनर ने तोड़ा। वह हालांकि सर्वकालिक सबसे अधिक डेविस कप मैच जीतने वाले खिलाड़ी बने हुए हैं। इटली के टेनिस एंव पैडल महासंघ ने सोमवार को उनके निधन की घोषणा की लेकिन इसका कारण नहीं बताया।

महासंघ ने बताया कि पिएत्रांगेली देश के इकलौते खिलाड़ी हैं जिन्हें ‘इंटरनेशनल टेनिस हॉल ऑफ फेम’ में शामिल किया गया था। यह उनकी असाधारण विरासत का प्रमाण है।

पिएत्रांगेली ग्रैंड स्लैम ट्रॉफी जीतने वाले अपने देश के पहले खिलाड़ी थे। उन्होंने 1959 में फ्रेंच ओपन (रोलां गैरों) में जीत हासिल की और अगले ही साल अपने इस खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया। इटली के खिलाड़ियों में दो ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीतने के उनके रिकॉर्ड को 2025 में यानिक सिनर ने अपना दूसरा लगातार ऑस्ट्रेलियाई ओपन खिताब जीतकर तोड़ा।

सिनर अब तक चार ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके हैं। पिएत्रांगेली ने इससे पहले 1959 में ऑरलैंडो सिरोला के साथ फ्रेंच ओपन का युगल खिताब भी जीता था।

पिएत्रांगेली के नाम डेविस कप में सर्वाधिक कुल जीत (120) और सर्वाधिक एकल जीत (78) का सर्वकालिक रिकॉर्ड है। उन्होंने इटली के लिए 66 टाई में 164 मैच खेले। उन्होंने सिरोला के साथ मिलकर डेविस कप इतिहास में सबसे सफल युगल साझेदारी भी बनाई। इस जोड़ी ने अपने 42 मैचों में से 34 में जीत हासिल की।

उन्होंने खिलाड़ी के तौर पर इटली को दो बार डेविस कप फाइनल तक पहुंचाया। उन्हें हालांकि डेविस कप का खिताब जीतने के लिए 1976 तक का इंतजार करना पड़ा। उनकी कप्तानी में टीम ने चिली को हराकर डेविस कप का खिताब जीता था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article