स्पोर्ट्स

Paralympic 2024: बैडमिंटन में धमाल, नितेश के गोल्ड के बाद आया दो और मेडल

Paralympic 2024: पैरालंपिक में भारतीय बैडमिंटन के लिए सोमवार का दिन शानदार रहा। नितेश के गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारत को दो और मेडल मिले। विमेंस सिंगल्स में भारत को सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल मिला।

Image

तुलसीमति मुरुगेसन (साभार-Twitter)

Paralympic 2024: भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों तुलसीमति मुरुगेसन और मनीषा रामदास ने सोमवार को यहां पैरालंपिक की महिला एकल एसयू5 स्पर्धा में क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीता। बाइस साल की शीर्ष वरीय तुलसीमति को फाइनल में चीन की गत चैंपियन यैंग कियू शिया के खिलाफ 17-21 10-21 से हार का सामना करना पड़ा।

दूसरी वरीय मनीषा ने डेनमार्क की तीसरी वरीय कैथरीन रोसेनग्रेन को 21-12 21-8 से हराकर कांस्य पदक जीता। एसयू5 वर्ग उन खिलाड़ियों के लिए है जिनके ऊपरी अंगों में विकार है। यह खेलने वाले या फिर दूसरे हाथ में हो सकता है। पेरिस पैरालंपिक में इन दो पदक से पहले भारत को एसएल3 वर्ग में नितेश कुमार ने मौजूदा खेलों का बैडमिंटन का पहला स्वर्ण पदक दिलाया।

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने दी शुभकामना

भारतीय बैडमिंटन के लिए आज का दिन शानदार रहा। नितेश के स्वर्ण पदक के बाद, हमारी बेटियों ने दो और पदक जीते। पेरिस 2024 पैरालिंपिक खेलों में महिला एकल स्पर्धाओं में क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीतने पर तुलसीमति मुरुगेसन और मनीषा रामदास को मेरी हार्दिक बधाई। उन्होंने विश्व स्तरीय क्षमताओं और मानसिक शक्ति का प्रदर्शन किया है। मैं आने वाले समय में उनके गौरवमयी भविष्य की कामना करती हूँ।

(भाषा इनपुट के साथ)

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article