स्पोर्ट्स

सेमीफाइनल मैच से पहले भारतीय हॉकी टीम को लगा झटका, नहीं खेलेगा यह डिफेंडर

Amit Rohidas Update: एक और मेडल की रेस में भारतीय हॉकी टीम मंगलवार को सेमीफाइनल मुकाबले में जर्मनी के साथ भिड़ेगी। इस मुकाबले से पहले हॉकी इंडिया को एक बड़ा झटका लगा है। दरअसल क्वार्टर में रेड कार्ड पाने वाले अमित इस मैच में शामिल नहीं हो पाएंगे।

Image

भारतीय हॉकी टीम (साभार-HI)

Amit Rohidas Update: भारतीय हॉकी टीम के प्रमुख डिफेंडर अमित रोहिदास जर्मनी के खिलाफ मंगलवार को होने वाले सेमीफाइनल मैच में नहीं खेल पाएंगे क्योंकि उन पर लगाए गए एक मैच के निलंबन के खिलाफ दायर की गई हॉकी इंडिया की अपील को इस खेल की विश्व संस्था एफआईएच ने खारिज कर दिया। रोहिदास को ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ रविवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मैच के दौरान रेड कार्ड मिला था जिसके कारण एफआईएच ने उन्हें एक मैच के लिए निलंबित कर दिया था।

इसका मतलब है कि इस महत्वपूर्ण मैच के लिए भारत के केवल 15 खिलाड़ी ही उपलब्ध रहेंगे जो आठ बार के ओलंपिक चैंपियन के लिए करारा झटका है।

अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने आधिकारिक बयान ने कहा,‘‘भारत और ग्रेट ब्रिटेन के बीच चार अगस्त को खेले गए मैच के दौरान अमित रोहिदास को एफआईएच आचार संहिता के उल्लंघन के लिए एक मैच के लिए निलंबित कर दिया गया था।’’

बयान के अनुसार,‘‘निलंबन का असर मैच नंबर 35 (जर्मनी के खिलाफ भारत का सेमीफाइनल मैच) पर पड़ेगा, जिसमें अमित रोहिदास भाग नहीं लेंगे और भारत केवल 15 खिलाड़ियों की टीम के साथ खेलेगा।’’

हॉकी इंडिया ने रोहिदास के निलंबन के खिलाफ अपील दर्ज की थी लेकिन एफआईएच की जूरी बेंच ने उसे नामंजूर कर दिया। एफआईएच ने कहा,‘‘तथ्यों की जांच और विचार विमर्श के बाद हॉकी इंडिया की अपील खारिज कर दी गई है और अमित सेमीफाइनल में नहीं खेलेगा।’’’

रोहिदास को ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ रविवार को खेले गए मैच में अंतिम हूटर बजने से लगभग 40 मिनट पहले मैदान से बाहर भेज दिया गया था क्योंकि उनकी स्टिक अनजाने में एक प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी पर लग गई थी। ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ मैच के दूसरे क्वार्टर में 31 वर्षीय रोहिदास मैदान पर विल कैलनान से बहस में उलझ गए थे। मैदानी अंपायर ने भारतीय खिलाड़ी को पहले चेतावनी दी लेकिन टीवी अंपायर ने वीडियो रेफरल के बाद रोहिदास को रेड कार्ड दे दिया।

यह मैच निर्धारित समय तक 1-1 से बराबर रहा। भारत ने पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से जीत दर्ज करके सेमीफाइनल में जगह बनाई।

(भाषा इनपुट के साथ)

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article