स्पोर्ट्स

Paris Olympics 2024: इस खिलाड़ी ने पेरिस ओलंपिक में भारत को निशानेबाजी में दिलाया कोटा

  • Agency by: भाषा
  • Updated Jan 11, 2024, 02:16 PM IST

Paris Olympics 2024: पेरिस में इस साल ओलंपिक का भव्य आयोजन होना है। इसकी तैयारी को लेकर हर देश के खिलाड़ी तैयारी में लगे हुए हैं। इस बीच, भारत ने निशानेबाज में एक और कोटा हासिल कर लिया है।

Image

रिदम सांगवान। (फोटो- NRAI Twitter)

Photo : Twitter

Paris Olympics 2024: रिदम सांगवान पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल करने वाली भारत की 16वीं निशानेबाज बन गई जिन्होंने यहां एशियाई क्वालीफायर में 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल में कांस्य पदक जीता। इसके साथ ही भारत ने जुलाई अगस्त में होने वाले पेरिस ओलंपिक में निशानेबाजी के लिये सबसे ज्यादा कोटा हासिल कर लिये हैं। इससे पहले तोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत के 15 निशानेबाजों ने भाग लिया था।

एशियाई क्वालीफायर में भारत का यह तीसरा ओलंपिक कोटा है। इससे पहले ईशा सिंह और वरूण तोमर 10 मीटर एयर पिस्टल महिला और पुरूष वर्ग में कोटा हासिल कर चुके हैं। हरियाणा की 20 वर्ष की रिदम पिछले साल हांगझोउ एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारत की 25 मीटर स्पोटर्स पिस्टल टीम का हिस्सा थीं जिसमें ईशा और मनु भाकर भी शामिल थी।

रिदम फाइनल में 28 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रही लेकिन यह उन्हें पेरिस ओलंपिक का कोटा दिलाने के लिये काफी था। चीन की यांग जिन को 41 अंक के साथ गोल्ड और कोरिया की किम येजी को 32 अंक के साथ सिल्वर मेडल मिला। एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर में यह रिदम का दूसरा ब्रॉन्ज मेडल है। उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल में भी तीसरा स्थान हासिल किया था। इस वर्ग में वह ओलंपिक कोटा हासिल नहीं कर सकी थी।

रिदम ने अपनी सफलता का श्रेय निजी कोच विनीत कुमार को देते हुए कहा,‘मुझे खुशी है कि कांस्य पदक जीतकर देश के लिये कोटा हासिल कर सकी।’ उन्होंने कहा,‘मैं अपने निजी कोच विनीत कुमार को धन्यवाद देना चाहूंगी। उनकी वजह से ही मैं यहां तक पहुंची हूं। मैं अपने सभी समर्थकों को भी धन्यवाद दूंगी।’ यह पूछने पर कि तीनों पदकों में से उन्हें सबसे ज्यादा गर्व किस पर है, रिदम ने कहा कि सभी पदक उनके दिल के करीब है लेकिन वह देश के लिये कोटा जीत सकी , इसलिये यह खास है।’

End of Article