स्पोर्ट्स

World Para Athletics Championship 2025: भारत ने किया अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, पीएम मोदी ने दी बधाई

World Para Athletics Championship 2025: नई दिल्ली में आयोजित किए गए वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप का धमाकेदार अंत हो गया है। इस टूर्नामेंट में भारत ने अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 22 मेडल जीते हैं और इसे देखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी गदगद हो गए हैं।

Image

नवदीप सिंह (फोटो- PTI)

World Para Athletics Championship 2025: भारत के पैरा खिलाड़ियों ने विश्व पैरा एथेलेटिक्स चैंपियनशिप में दमदार प्रदर्शन करते हुए सभी का दिल जीत लिया है। इनके जज्बे और रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहा है। नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रविवार शाम भारत ने विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 का समापन शानदार अंदाज़ में किया। आखिरी दिन भारतीय महिला खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया। सिमरन शर्मा और प्रीति पाल ने ट्रैक पर रजत पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया, जबकि पेरिस पैरालंपिक्स के स्वर्ण विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नवदीप सिंह ने एक और सिल्वर जीतकर भारत के मेडल काउंट को 22 तक पहुंचा दिया।

भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

इस बार भारत ने कुल 22 पदक अपने नाम किए, जिनमें छह स्वर्ण, नौ रजत और सात कांस्य शामिल हैं। यह प्रदर्शन भारत के इतिहास में किसी भी विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में अब तक का सर्वश्रेष्ठ है। भारत ने कुल 104 देशों में से 10वां स्थान हासिल किया।पिछले साल जापान के कोबे में हुए संस्करण में भारत ने 17 पदक जीते थे, जिसमें छह स्वर्ण शामिल थे, लेकिन इस बार खिलाड़ियों ने उसे पीछे छोड़ते हुए नई ऊंचाई हासिल की।

पीएम मोदी ने दी बधाई

इस प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी खुश नजर आए और उन्होंने खिलाड़ियों के साथ-साथ इस इवेंट को सफलतापूर्वक देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित करने के लिए सभी को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि - हमारे पैरा-एथलीटों का ऐतिहासिक प्रदर्शन!इस साल की विश्व पैरा-एथलेटिक्स चैंपियनशिप बेहद खास रही। भारतीय दल ने अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 6 स्वर्ण पदकों सहित 22 पदक जीते। हमारे एथलीटों को बधाई। उनकी सफलता कई लोगों को प्रेरित करेगी। मुझे अपने दल के प्रत्येक सदस्य पर गर्व है और मैं उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देता हूं।दिल्ली में इस टूर्नामेंट की मेजबानी करना भी भारत के लिए सम्मान की बात रही है। इस टूर्नामेंट का हिस्सा रहे लगभग 100 देशों के एथलीटों और सहयोगी स्टाफ का आभार।

ड्रामा से भरा रहा आखिरी दिन

रविवार का दिन रोमांचक घटनाओं से भरा रहा। महिलाओं की 200 मीटर टी-12 फाइनल में सिमरन शर्मा का पदक कांस्य से रजत में अपग्रेड हुआ, जबकि महिलाओं की 100 मीटर टी-35 फाइनल रेस में तकनीकी गड़बड़ी के कारण रेस को दोबारा करवाना पड़ा।अधिकारियों के अनुसार, पहली रेस में स्टार्टर गन में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके चलते फाइनल को लगभग एक घंटे बाद दोबारा आयोजित किया गया।

सिमरन शर्मा ने एशियाई रिकॉर्ड के साथ जीता रजत पदक

सिमरन शर्मा ने अपने गाइड उमर सैफी के साथ मिलकर 200 मीटर टी-12 फाइनल में 24.46 सेकंड का समय निकालते हुए एशियाई रिकॉर्ड बनाया। शुरुआत में उन्हें कांस्य मिला था, लेकिन वेनेजुएला की अलेजांद्रा लोपेज के गाइड नियम 7.10.4 का उल्लंघन करने के कारण डिसक्वालिफाई होने के बाद सिमरन को रजत प्रदान किया गया।

नवदीप सिंह ने भाला फेंक में दिलाया एक और रजत

पुरुषों की भाला फेंक एफ-41 स्पर्धा में पेरिस पैरालंपिक्स स्वर्ण विजेता नवदीप सिंह ने रजत पदक जीतकर भारत की झोली में एक और सफलता डाली। उन्होंने 45.46 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो किया। हालांकि उन्होंने अपने तीन थ्रो फाउल किए, फिर भी चौथे प्रयास में उन्होंने मजबूत वापसी की।ईरान के सादेग बेइत सायाह ने 48.86 मीटर का नया व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। यह वही खिलाड़ी हैं जिन्हें पेरिस पैरालंपिक्स में नवदीप ने पीछे छोड़ा था।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article