स्पोर्ट्स

Paris Olympics 2024: PM मोदी ने कहा- पेरिस ओलंपिक में जाने वाला हर खिलाड़ी चैंपियन है

Paris Olympics 2024, PM Modi Statement: पेरिस ओलंपिक का रोमांच खत्म हो चुका है। भारत सहित सभी देशों के खिलाड़ी अपने-अपने देश लौट चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस ओलंपिक से छह पदक लेकर लौटे भारतीय ओलंपिक दल से बातचीत की।

Image

खिलाड़ियों से बात करते हुए पीएम मोदी। (फोटो- Narendra Modi X)

Photo : Twitter

Paris Olympics 2024, PM Modi Statement: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस ओलंपिक से छह पदक लेकर लौटे भारतीय ओलंपिक दल से बातचीत की और उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल एक ऐसा क्षेत्र है जहां कोई हारता नहीं है, हर कोई सीखता है और वो सभी चैंपियन खिलाड़ी हैं। पीएम मोदी ने पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। इससे पहले पीएम मोदी ने इन सभी को लाल किले पर हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रित किया था और इसके बाद पीएम हाउस में उन्हें होस्ट किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों से बातचीत की और ओलंपिक में उनके अनुभव को जाना।

प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को अपने आवास पर खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान कहा, "सबसे पहले अपने मन से यह विचार निकाल दीजिए कि आप ओलंपिक से हारकर भारत लौटे हैं। आप देश का झंडा ऊंचा करके लौटे हैं। आपने कुछ मूल्यवान अनुभव भी प्राप्त किए हैं और खेल एक ऐसा क्षेत्र है, मेरे दोस्तों, जहां कभी कोई सही मायने में हारता नहीं है, हर कोई सीखता है। "दुनिया ने देखा है कि आपने मैदान पर क्या किया। अब आप मुझे बताइए कि आपने मैदान के बाहर क्या किया। आपने दुनिया भर के एथलीटों से दोस्ती की होगी और बहुत कुछ सीखा होगा। शायद आपने सोचा होगा कि यदि हमारे देश में भी ऐसा कुछ होता तो कितना अच्छा होता...।"

प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाया और भारत के सबसे युवा ओलंपिक पदक विजेता अमन सेहरावत, निशानेबाज मनु भाकर, सरबजोत सिंह, स्वप्निल कुसाले और भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्यों की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी पीआर श्रीजेश, कप्तान हरमनप्रीत सिंह और अमन ने मुलाकात के दौरान पीएम मोदी को भारत की जर्सी और हॉकी भेंट की। पेरिस ओलंपिक में 16 खेलों में कुल 117 भारतीय एथलीटों ने भाग लिया जिनमें तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, मुक्केबाजी, घुड़सवारी, गोल्फ, हॉकी, जूडो, नौकायन, निशानेबाजी, तैराकी, कुश्ती, टेबल टेनिस और टेनिस शामिल हैं।

भारत ने पेरिस ओलंपिक में कुल छह पदक (5 ब्रॉन्ज और 1 सिल्वर) जीता। हालांकि उम्मीदें बहुत थीं, लेकिन कई मौकों पर भारतीय खिलाड़ियों का भाग्य ने साथ नहीं दिया। भारत, टोक्यो ओलंपिक में अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को पार करने से चूक गया, जब उसने सात पदक (1 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य) हासिल किए और 48 वें स्थान पर रहा था। एथलेटिक्स में भारत ने 29 सदस्यीय मजबूत टीम के साथ बढ़त बनाई, जबकि देश ने निशानेबाजी स्पर्धाओं में 21 निशानेबाजों का अपना अब तक का सबसे बड़ा दल भी उतारा। पदक जीतने के अलावा, भारतीय एथलीटों ने खेलों में नए रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रच दिया और छह स्पर्धाओं में चौथे स्थान पर रहने के बाद पदक जीतने से चूक गए।

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article