स्पोर्ट्स

Paris Olympics 2024: पाकिस्तान के अरशद नदीम ने ओलंपिक रिकॉर्ड के साथ तोड़ा नीरज चोपड़ा का डबल गोल्ड का सपना

पाकिस्तान के अरशद नदीम मे पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने का नीरज चोपड़ा का सपना ओलंपिक रिकॉर्ड के साथ तोड़ दिया। अरशद पाकिस्तान के पहले व्यक्तिगत गोल्ड मेडल जीतने वाले प्लेयर बने।

Image

नीरज चोपड़ा

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • अरशद नदीम ने तोड़ा नीरज चोपड़ा का गोल्ड का सपना
  • 89.45 मीटर के साथ दूसरे पायदान पर रहे नीरज चोपड़ा
  • अरशद नदीम ने 92.97 मीटर के साथ जीता गोल्ड मेडल

पेरिस: भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा का ओलंपिक खेलों में लगातार दूसरा गोल्ड मेडल जीत का सपना टूट गया। पाकिस्तान के अरशद नदीम ने नए ओलंपिक रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल पर कब्जा कर लिया। नदीम ने 92.97 मीटर दूर भाला फेंककर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। नीरज चोपड़ा 89.45 मीटर की दूरी हासिल करके दूसरे पायदान पर रहे और उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। नीरज ओर नदीम दोनों ने फाउल के साथ फाइनल में शुरुआत की थी। दोनों ने ही अपने दूसरे प्रयास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। कांस्य पदक ग्रेनेडा की पीटर एंडरसन के नाम रहा। एंडरसन 88.54 मीटर दूर भाला फेंककर तीसरे स्थान पर रहे।

नीरज चोपड़ा ने जीता सिल्वर

भारत के स्टार नीरज चोपड़ा ने फाइनल में फाउल के साथ शुरुआत की। अपने पहले प्रयास में नीरज थ्रो फेंकने के बाद संतुलन नहीं बना पाए और रेफरी ने प्रयास को फाउल करार दिया। दूसरे प्रयास में नीरज चोपड़ा ने 89.45 मीटर की दूरी हासिल की और दूसरे स्थान पर पहुंच गए। ये नीरज का सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। नीरज चोपड़ा के शुरुआती पांच में से चार प्रयास फाउल रहे। वो अपनी गति पर नियंत्रण दबाव में नहीं कर सके। नीरज का छठा प्रयास भी फाउल रहा।

पाकिस्तान को नदीम ने दिलाया पहला गोल्ड

पाकिस्तान के अरशद नदीम का पहला प्रयास फाउल रहा लेकिन उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में 92.97 मीटर दूर भाला फेंककर गोल्ड मेडल पर अपनी दावेदारी पेश कर दी। नदीम ने 92.97 मीटर दूर भाला फेंककर 16 साल पुराना ओलंपिक रिकॉर्ड तोड़ दिया। ओलंपिक रिकॉर्ड को तकरीबन ढाई मीटर बेहतर कर दिया। अपने तीसरे प्रयास में नदीम ने 88.72 मीटर, चौथे प्रयास में 79.40 मीटर और पांचवें प्रयास में 84.87 मीटर दूर भाला फेंका। नदीम ने अपने आखिरी प्रयास में 91.79 मीटर की दूरी हासिल की और पाकिस्तान को ओलंपिक इतिहास का पहला व्यक्तिगत गोल्ड मेडल दिला दिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article