स्पोर्ट्स

paris olympic 2024: प्रीति पवार ने जीता पहला मुकाबला, इस देश की खिलाड़ी को मात देकर प्री क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

paris olympic 2024: पेरिस ओलंपिके 2024 में भारतीय मुक्केबाज प्रीति पवार ने जीत के साथ अपना आगाज किया। उन्होंने अपने पहले राउंड में वियतनाम की मुक्केबाज को हराकर 54 किग्रा वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

Image

जीत के बाद प्रीति पवार। (फोटो-India All Sports X)

Photo : Twitter

paris olympic 2024: भारतीय मुक्केबाज प्रीति पवार ने वियतनाम की वो थी किम आन्ह को सर्वसम्मत फैसले में हराकर पेरिस ओलंपिक में महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता और पहली बार ओलंपिक खेलों में भाग ले रही प्रीति ने शनिवार को खेले गए मुकाबले में 5-0 से जीत हासिल करके मुक्केबाजी में भारतीय अभियान की शानदार शुरुआत की।

हरियाणा की इस 20 वर्षीय मुक्केबाज को बीमार होने के कारण ओलंपिक खेलों से कुछ दिन पहले अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। पहले राउंड में वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई और इस दौरान वियतनाम की मुक्केबाज उन पर हावी रही। भारत की मुक्केबाज ने इसके बाद हालांकि आक्रामक रवैया अपनाकर शानदार वापसी की और अगले दो राउंड में अपनी प्रतिद्वंदी को कोई मौका नहीं दिया।

भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा,‘‘हमें बेहद खुशी है कि हमने जीत के साथ शुरुआत की। खेलों से पहले बीमार होने के बावजूद प्रीति न सिर्फ उससे उबरने में सफल रही, बल्कि उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और असाधारण साहस दिखाया।’’ प्रीति का अगला मुकाबला मंगलवार को कोलंबिया की दूसरी वरीयता प्राप्त और विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता मार्सेला येनी एरियास से होगा। दो बार की विश्व चैंपियन निखत जरीन रविवार को 50 किग्रा के राउंड ऑफ 32 में जर्मनी की मैक्सी करीना क्लोएट्ज़र के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगी।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article