स्पोर्ट्स

पाकिस्तान हॉकी टीम के मुख्य कोच ने सीरीज के लिए ढाका जाने से इनकार किया

Pakistan Hockey Coach Controversy: पाकिस्तान पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच ताहिर जमां ने चयन मामलों में पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) के हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए तीन मैच की श्रृंखला के लिए ढाका जाने से इनकार कर दिया है। टीम रविवार को इस दिग्गज पूर्व ओलंपियन के बिना ही रवाना हुई जिन्होंने अंतिम समय में टीम में खिलाड़ियों के चयन को मंजूरी नहीं दी थी।

Image

Pakistan hockey team

Photo : PTI

पाकिस्तान पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच ताहिर जमां ने चयन मामलों में पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) के हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए तीन मैच की श्रृंखला के लिए ढाका जाने से इनकार कर दिया है। टीम रविवार को इस दिग्गज पूर्व ओलंपियन के बिना ही रवाना हुई जिन्होंने अंतिम समय में टीम में खिलाड़ियों के चयन को मंजूरी नहीं दी थी।

पीएचएफ के सचिव राणा मुजाहिद ने इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए कहा कि मामला सुलझा लिया जाएगा क्योंकि ताहिर और राष्ट्रीय महासंघ देश की हॉकी के सर्वोत्तम हित में हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ताहिर ने यह रुख अपनाया था कि इस्लामाबाद में ट्रेनिंग शिविर में देर से आने वालों को राष्ट्रीय टीम में शामिल नहीं किया जाना चाहिए।’’

मुजाहिद ने कहा, ‘‘ताहिर ने राणा वाहिद और हम्माद अंजुम को शामिल करने पर आपत्ति जताई जो दोनों विदेशी लीग के साथ अपने अनुबंध के कारण शिविर में देर से शामिल हुए थे।’’ राणा ने कहा कि ताहिर ने आखिरी समय में टीम के साथ ढाका नहीं जाने का फैसला किया जहां अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने पाकिस्तान के विश्व कप क्वालीफायर में जगह बनाने के लिए तीन मैच की श्रृंखला निर्धारित की है।

यह श्रृंखला इसलिए आयोजित की गई है क्योंकि पाकिस्तान ने अगस्त-सितंबर में एशिया कप के लिए अपनी टीम भारत नहीं भेजी थी जो विश्व कप के लिए क्वालीफायर था। ताहिर के एक करीबी सूत्र ने बताया कि इस ओलंपियन का स्पष्ट मानना था कि जब तक खिलाड़ियों को यह पता नहीं होगा कि मुख्य कोच का फैसला अंतिम होता है तब तक टीम में सुधार नहीं हो सकता।

हालांकि राणा ने दावा किया कि पूर्व प्रतिबद्धताओं के कारण कम से कम 10 खिलाड़ी शिविर में देर से शामिल हुए और पीएचएफ उन पर नकद जुर्माना लगाने पर सहमत हो गया। पीएचएफ सचिव ने कहा कि टीम मैनेजर मोहम्मद उस्मान बांग्लादेश में मुख्य कोच की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

राणा ने आगे कहा कि अगर ताहिर के साथ मामला नहीं सुलझता है तो महासंघ विदेशी कोच नियुक्त करने की कोशिश करेगा।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article