नोवाक जोकोविच ने अपने अनुभव और शानदार फिटनेस का इस्तेमाल करते हुए शुक्रवार को फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में कार्लोस अल्कराज को 6-3, 5-7, 6-1, 6-1 से शिकस्त देकर रिकॉर्ड 23वें ग्रैंड स्लैम खिताब की ओर कदम बढ़ाया। विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज अल्काराज को उन्होंने 6-3, 5-7, 6-1, 6-1 से हराया। वह रिकॉर्ड 23वें गैंड स्लैम खिताब से एक शॉट पीछे हैं। यह 34वां मौका है जब वह ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचे हैं।
अल्काराज ने इस दौरान शानदार शॉट लगाकर दूसरे सेट को अपने नाम किया। लेकिन इसके बाद उन पर थकान हावी हो गया और ग्रैंड स्लैम में अपना 45वां सेमीफाइनल खेल रहे विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर काबिज सर्बिया के खिलाड़ी को जीत दर्ज करने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई।
अल्काराज ने थकान और मांसपेशियों की खिंचाव से निपटने के लिए ब्रेक का सहारा लिया लेकिन इससे उन्हें कोई फायदा नहीं हुआ। जोकोविच ने मैच जीतने के बाद कहा, ‘ मैं उनकी परेशानी को समझ सकता हूं। उनके लिए बुरा लग रहा है। उम्मीद है वह इससे जल्दी उबर जायेंगे।’
नंबर वन बनने का है मौका
फाइनल में उनका सामना एलेक्जेंडर ज्वरेव से होगा। यदि वह उन्हें हराने में कामयाब हो जाते हैं और 23वां ग्रैंड स्लैम जीत लेते हैं तो वह एक बार फिर से नंबर वन की कुर्सी हासिल कर सकते हैं। वह फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे उम्रदराज खिलाड़ी बने हैं।
