स्पोर्ट्स

कॉमनवेल्थ 2030 की तैयारियों का जायजा लेने अहमदाबाद पहुंचा न्यूजीलैंड का प्रतिनिधिमंडल

2023 में अहमदाबाद में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारियों का जायजा लेने न्यूजीलैंड की एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को यहां पहुंचा। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य शहर में विकसित खेल सुविधाओं का निरीक्षण करना और भविष्य में भारत में आयोजित होने वाली बहु-खेल प्रतियोगिताओं, विशेष रूप से कॉमनवेल्थ 2030, की संभावित तैयारियों को समझना था।

Image

वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (साभार-X)

अहमदाबाद नगर निगम (AMC) द्वारा विकसित आधुनिक स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान आकर्षित कर रहा है। इसी क्रम में 29 मई 2026 को न्यूजीलैंड की प्रमुख खेल संस्थाओं के वरिष्ठ प्रतिनिधियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल अहमदाबाद पहुंचा। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य शहर में विकसित खेल सुविधाओं का निरीक्षण करना और भविष्य में भारत में आयोजित होने वाली बहु-खेल प्रतियोगिताओं, विशेष रूप से कॉमनवेल्थ 2030, की संभावित तैयारियों को समझना था। दुनिया भर में शहर अब सिर्फ ट्रैफिक और मॉल से नहीं, स्टेडियम और स्पोर्ट्स इकोसिस्टम से भी अपनी पहचान बना रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल में एथलेटिक्स न्यूजीलैंड, हॉकी न्यूजीलैंड, स्विमिंग न्यूजीलैंड, बाउल्स न्यूजीलैंड और न्यूजीलैंड क्रिकेट जैसी प्रमुख खेल संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। इस टीम का नेतृत्व एशिया न्यूजीलैंड फाउंडेशन की डेलिगेशन लीड किर्स्टी शार्प कर रही थीं।

प्रतिनिधिमंडल में वुमन इन स्पोर्ट ऑटियरोआ की डिप्टी चेयर और विक्टोरिया यूनिवर्सिटी ऑफ वेलिंगटन में स्पोर्ट्स मैनेजमेंट लेक्चरर एरिन रॉक्सबर्ग भी शामिल रहीं। इसके अलावा एथलेटिक्स न्यूजीलैंड के नेशनल डेवलपमेंट मैनेजर कर्स्टन किल्मिस्टर, बाउल्स न्यूजीलैंड के चीफ एग्जीक्यूटिव मार्क कैमरून, हॉकी न्यूजीलैंड के जनरल मैनेजर साइमन ब्रिल, स्विमिंग न्यूजीलैंड के चीफ एग्जीक्यूटिव स्टीव जॉन्स और न्यूजीलैंड क्रिकेट के हेड ऑफ कमर्शियल डेवलपमेंट एंड ब्रॉडकास्ट थॉमस फॉक्स भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले सुबह 9 बजे साबरमती रिवरफ्रंट स्थित अडाणी स्पोर्ट्स सेंटर का दौरा किया। यहां AMC अधिकारियों ने उन्हें स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण, बजट, उपयोगिता और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी समझने का प्रयास किया कि इतने बड़े खेल ढांचे को विकसित करने में कितना समय लगा और वर्तमान में इसका उपयोग किस प्रकार किया जा रहा है।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने नारणपुरा स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। यहां भी अधिकारियों ने स्पोर्ट्स फैसिलिटी, ट्रेनिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और आगामी खेल आयोजनों की संभावनाओं को लेकर प्रस्तुति दी। इस पूरे दौरे के दौरान AMC और गुजरात स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (GSID) के अधिकारियों ने समन्वय की जिम्मेदारी संभाली। AMC की ओर से विभिन्न विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे, जबकि परिवहन और अन्य लॉजिस्टिक व्यवस्था भी विशेष रूप से तैयार की गई थी।

AMC की ओर से आकाश साथवारा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था, जबकि GSID की ओर से जिला खेल विकास अधिकारी अनिरुद्ध देसाई ने समन्वय की जिम्मेदारी निभाई। अहमदाबाद में विकसित हो रहे स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासतौर पर ऐसे समय में, जब भारत अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए बड़े स्तर पर तैयारी कर रहा है। अब शहर सिर्फ क्रिकेट स्टेडियम नहीं, बल्कि मल्टी-स्पोर्ट्स इकोसिस्टम बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article