स्पोर्ट्स

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी खेलने चीन के लिए रवाना हुई भारतीय हॉकी टीम

पेरिस ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय हॉकी टीम एशियन चैंपियंस ट्रॉफी खेलने के लिए चीन रवाना हो गई। डिफेंडिंग चैंपियन भारत के सामने टाइटल बचाने की जिम्मेदारी है। भारत अपने अभियान की शुरुआत 8 सितंबर को मेजबान चीन के खिलाफ करेगा।

Image

भारतीय हॉकी टीम (साभार-HOCKEY INDIA)

मंगलवार की सुबह भारतीय हॉकी टीम एशियन चैंपियंस ट्रॉफी खेलने के लिए चीन के रवाना हो चुकी है। भारतीय टीम डिफेंडिंग चैंपियन है और उसके सामने टाइटल डिफेंड करने की बड़ी जिम्मेदारी है। पेरिस 2024 ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता के अलावा इस टूर्नामेंट में कोरिया, मलेशिया, पाकिस्तान, जापान और चीन भी शामिल हैं।

भारत अपने अभियान की शुरुआत 8 सितंबर को मेजबान चीन के खिलाफ करेगा। उसके बाद 9 सितंबर को जापान, 11 सितंबर को मलेशिया और 12 सितंबर को कोरिया से भिड़ेगा। 14 सितंबर को अंतिम पूल चरण मैच में भारत का सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। पूल में शीर्ष चार टीमें 16 सितंबर को होने वाले सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। इसके बाद विजेता टीमें 17 सितंबर को फाइनल में भिड़ेंगी।

चीन रवाना होने से पहले कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा, "पेरिस ओलंपिक के बाद हमें एक छोटा ब्रेक मिला। एक नई ऊर्जा और फ्रेश माइंड के साथ टीम एशिया में सर्वश्रेष्ठ हॉकी खेलने वाले देशों से भिड़ने और अपनी क्षमता साबित करने के लिए तैयार है। पेरिस में हमारा प्रदर्शन अच्छा रहा। हमारा लक्ष्य उच्च स्तर की हॉकी खेलना और अपनी लय बरकरार रखना होगा।"

उप कप्तान विवेक सागर प्रसाद ने कहा, "इतनी कम उम्र में टीम का उप कप्तान बनना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। हालांकि, एक तरह से हम सभी टीम में कप्तान और उप कप्तान हैं और पूरी टीम की जिम्मेदारियां साझा हैं। इस बार टीम में कुछ नए खिलाड़ी हैं, जिनमें अपार संभावनाएं हैं और जो प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक हैं। हम अपने खिताब की रक्षा के लिए अपना हुनर दिखाने के लिए उत्सुक हैं। हम उनके लिए एक अनुकूल माहौल बनाने की पूरी कोशिश करेंगे।"

(IANS इनपुट के साथ)

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article