स्पोर्ट्स

Asian Olympic Qualifier: एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर में भारत का दबदबा, गोल्ड पर जमाया कब्जा

  • Agency by: भाषा
  • Updated Jan 8, 2024, 01:15 PM IST

Asian Olympic Qualifier, India 10 Meter Air Pistol Team: भारतीय निशानेबाजों का एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर टूर्नामेंट में दबदबा देखने को मिला। टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता।

Image

एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर में जीत के बाद भारतीय खिलाड़ी। (फोटो- Office of Kalikesh Singh Deo Twitter)

Photo : Twitter

Asian Olympic Qualifier, India 10 Meter Air Pistol Team: भारतीय निशानेबाजों ने एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता। वरूण तोमर (586), अर्जुन सिंह चीमा (579) और उज्जवल मलिक (575) की भारतीय टीम कुल 1740 अंक के साथ शीर्ष पर रही। ईरान और कोरिया ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते।

वरूण और अर्जुन ने व्यक्तिगत फाइनल में भी जगह बनाई। इस प्रतिष्ठित महाद्वीपीय प्रतियोगिता में पेरिस ओलंपिक के लिए कुल 16 कोटा स्थान दांव पर लगे हैं। पुरुषों और महिलाओं के लिए 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में चार कोटा हैं जिसमें से अधिकतम तीन भारतीय निशानेबाजों को मिल सकते हैं। ईशा सिंह, रिदम सांगवान और सुरभि राव महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में उतरेंगी जहां भारत को अभी पेरिस खेलों का कोटा हासिल करना है।

इस प्रतियोगिता में 26 देशों के लगभग 385 निशानेबाज पेरिस कोटा हासिल करने के अलावा 256 मेडल (84 गोल्ड, 84 सिल्वर और 88 ब्राॅन्ज मेडल) जीतने के लिए जकार्ता की सेनायन निशानेबाजी रेंज में चुनौती पेश करेंगे। भारत पहले ही राइफल, पिस्टल और शॉटगन स्पर्धाओं में 13 ओलंपिक कोटा स्थान हासिल कर चुका है। राइफल में जहां सभी कोटा स्थान सुरक्षित हो गए हैं वहीं पिस्टल में तीन कोटा हासिल हुए हैं।

End of Article