स्पोर्ट्स

लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान से खेल मंत्री मनसुख मांडविया का ऐलान, 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए तैयार है भारत

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान के दौरे के दौरान ऐलान किया है कि भारत साल 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए तैयार है।

Image

मनसुख मांडवीय

लंदन: केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान के दौरे के दौरान वर्ष 2036 के ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत की मजबूत दावेदारी को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत दुनिया के सबसे बड़े खेल महाकुंभ की मेजबानी अहमदाबाद में कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मांडविया ने किया लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड का दौरा

मांडविया इस सप्ताह स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में आयोजित 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह में भाग लेने के लिए ब्रिटेन पहुंचे थे। उन्होंने शुक्रवार को लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान का दौरा किया, जहां उन्हें प्रूडेंशियल ट्रॉफी, एशेज सहित कई ऐतिहासिक स्मृतिचिह्नों से अवगत कराया गया। इस अवसर पर मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव रॉबर्ट लॉसन ने कहा कि भारत और एमसीसी के बीच संबंध क्रिकेट जगत के सबसे महत्वपूर्ण रिश्तों में से एक हैं।

उन्होंने कहा, 'क्रिकेट भारत में करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है और भारतीय खिलाड़ियों तथा प्रशंसकों के मन में लॉर्ड्स के प्रति विशेष सम्मान और लगाव है। हमें मैदान के गौरवशाली इतिहास को साझा करते हुए हाल ही में भारतीय महिला क्रिकेटरों के नाम से जुड़े 'ऑनर्स बोर्ड', सौरव गांगुली की ऐतिहासिक जर्सी और प्रूडेंशियल ट्रॉफी जैसे स्मृतिचिह्न दिखाने का अवसर मिला।'

एमसीजी की ओर से मिला स्पेशल मोमेंटो

लॉर्ड्स की अपनी पहली यात्रा की यादगार के रूप में लॉसन ने मांडविया को हाल ही में लॉर्ड्स में खेले गए इंग्लैंड-भारत एकदिवसीय मैच की एक मैच बॉल भेंट की। इस दौरान ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त पी कुमारन भी उनके साथ मौजूद थे। लॉसन ने कहा कि एमसीसी भविष्य में भी भारतीय क्रिकेट के साथ अपने लंबे और मजबूत संबंधों को और सुदृढ़ बनाने के लिए उत्सुक है।

भारतीय खिलाड़ियों के समर्थन का किया आह्वान

इससे पहले एडिनबर्ग स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने ग्लास्गो में भारतीय समुदाय के सम्मान में एक स्वागत समारोह आयोजित किया। दूतावास के अनुसार, खेल मंत्री ने प्रवासी भारतीयों से राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और ’टीम इंडिया’ का समर्थन करने का आह्वान किया। गौरतलब है कि शुक्रवार को भारत ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में अपना पहला पदक जीता। पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने पुरुष हैवीवेट वर्ग के फाइनल में कांस्य पदक अपने नाम किया।

123 खिलाड़ियों के साथ राष्ट्रमंडल खेलों में उतरा है भारत

ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का 123 सदस्यीय दल हिस्सा ले रहा है। प्रतियोगिता का उद्घाटन गुरुवार को हुआ और इसका समापन दो अगस्त को होगा। ब्रिटेन दौरे के दौरान मांडविया ने यह भी दोहराया कि भारत वर्ष 2030 के शताब्दी राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी अहमदाबाद में करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन खेल इतिहास का एक ऐतिहासिक, टिकाऊ और यादगार सत्र साबित होगा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article