स्पोर्ट्स

Hockey Asia Cup 2025: एशिया कप के दूसरे दिन मलेशिया ने कोरिया को और बांग्लादेश ने चीनी ताइपे को रौंदा

राजगीर में खेले जा रहे एशिया कप 2025 के दूसरे दिन मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को पटखनी देकर सबको हैरान कर दिया। वहीं दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश ने चीनी ताइपे को रौंद दिया।

Image

दक्षिण कोरिया बनाम मलेशिया (फोटो क्रेडिट Hockey India)

राजगीर (बिहार): कोरिया की एशिया कप खिताब बचाने की मुहिम को शनिवार को मलेशिया से मिली 1-4 की करारी हार से करारा झटका लगा जबकि बांग्लादेश ने हॉकी टूर्नामेंट के पूल बी के अपने दूसरे मैच में चीनी ताइपे को 8-3 से रौंद दिया। दिन के दूसरे मैच में पांच बार की चैंपियन कोरिया ने दूसरे मिनट में ही जियोन्ह्यो जिन के मैदानी गोल से बढ़त बना ली। लेकिन मलेशिया ने अखिमुल्लाह अनवार (29वें, 34वें, 58वें) की हैट्रिक और अशरान हमसानी के मैदानी गोल दागकर शानदार वापसी कर कोरिया को हरा दिया। हालांकि विश्व रैंकिंग में मलेशिया (12वें) और कोरिया (13वें) के बीच सिर्फ एक पायदान का अंतर है। फिर भी कोरिया इस मुकाबले में प्रबल दावेदार मानी जा रही थी।

दिन के पहले मैच में बांग्लादेश ने पूरी तरह से दबदबा बनाया और आखिरी दो क्वार्टर में पांच गोल दागे। मोहम्मद अब्दुल्ला (चौथे और 26वें मिनट), रकीबुल हसन (42वें और 43वें मिनट) और अशरफुल इस्लाम (45वें और 58वें मिनट) ने बांग्लादेश के लिए दो-दो गोल किए जबकि सोहनुर सोबुज (36वें मिनट) और रेजाउल बाबू (56वें मिनट) ने भी गोल दागे। चीनी ताइपे के लिए त्सुंग-यू हसीह (10वें और 18वें मिनट) ने दो गोल किए जबकि त्सुंग-जेन शिह (60वें मिनट) ने अंतिम हूटर बजने से पहले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला।

पूल बी में बांग्लादेश को अपने पहले मैच में मलेशिया से 1-4 से हार का सामना करना पड़ा था जबकि चीनी ताइपे को अपने पहले मैच में कोरिया से 0-7 से हार मिली थी। बांग्लादेश अपने अंतिम पूल मैच में एक सितंबर को कोरिया से भिड़ेगा जबकि चीनी ताइपे इसी दिन मलेशिया से भिड़ेगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article