पेरिस: रूस की युवा महिला खिलाड़ी मीरा आंद्रीवा ने गुरुवार को फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल मुकाबले में यूक्रेन की मार्टा कोस्तयुक को 6-1, 6-3 से हराकर पहली बार महिला एकल ग्रैंडस्लैम के फाइनल में एंट्री कर ली। आंद्रीवा ने मैच जीतने के लिए सर्विस करते हुए अपने पहले ही मैच प्वाइंट को भुनाया। मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों ने हाथ नहीं मिलाया और कोस्तयुक तेजी से बाहर चली गईं। उन्होंने सिर्फ मुड़कर कोर्ट फिलिप चैट्रियर में मौजूद दर्शकों की ओर हाथ हिलाया और उन्हें 'किस' का इशारा किया। इस कोर्ट पर कुछ प्रशंसक यूक्रेन के झंडे ओढ़े हुए नजर आए।
दोनों खिलाड़ियों ने खिंचाई अलग-अलग तस्वीर
मैच से पहले का माहौल कुछ तनावपूर्ण था क्योंकि खिलाड़ियों ने अलग-अलग तस्वीरें खिंचवाईं। वे दोनों नेट के अपनी-अपनी तरफ दो बच्चों के साथ खड़ी थीं। आमतौर पर खिलाड़ी एक ही तस्वीर खिंचवाते हैं जिसमें वे नेट के पास एक-दूसरे के ठीक बगल में खड़े होते हैं। कोस्तयुक और उनकी हमवतन ओलेक्सांद्रा ओलिनिकोवा ने इस टूर्नामेंट के दौरान इस बारे में बात की है कि रूस के यूक्रेन पर आक्रमण का उनके देश पर क्या असर पड़ रहा है।
सारा एरानी और एंड्रिया ववासोरी ने जीता मिश्रित युगल खिताब
शीर्ष वरीयता प्राप्त इटली की सारा एरानी और एंड्रिया ववासोरी (Andrea Vavassori and Sara Errani) ने गुरुवार को मिश्रित युगल खिताब जीत लिया। उन्होंने कनाडा की गैब्रिएला दाब्रोवस्की और अमेरिका के इवान किंग को 4-6, 6-3, 10-4 से हराया और अपना मिक्स्ड डबल्स का खिताब बचाने में सफल रही।
एरानी और ववास्सोरी की जोड़ी की पिछले सात ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में अपनी चौथी खिताबी जीत है। इस सिलसिले में 2024 और 2025 में लगातार दो यूएसओपन खिताब भी शामिल हैं।
(भाषा)
