स्पोर्ट्स

FIFA World Cup 2026: इस बार बॉल में इंस्टॉल होगा GPS सिस्टम, चार्जिंग वाली गेंद से गेम में आएगा नया ट्विस्ट

FIFA World Cup 2026 Ball: फुटबॉल की दुनिया 2026 में नया इतिहास देखने वाली है। इस बार चर्चा प्लेयर्स की ही नहीं, बल्कि मैच में इस्तेमाल होने वाली बॉल 'ट्रिओंडा' की भी है। एडिडास की ये हाई-टेक बॉल गेम के नियम ही बदलने वाली है। आपने मोबाइल और स्मार्टवॉच चार्ज होते देखी होगी, लेकिन वर्ल्ड कप 2026 में बॉल भी चार्ज होगी।

Image

FIFA World Cup 2026 Official Ball (AI)

FIFA World Cup 2026 Ball: फुटबॉल का सबसे बड़ा टूर्नामेंट फीफा वर्ल्ड कप 2026 अगले साल जून में अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में खेला जाएगा। फुटबॉल की दुनिया 2026 में नया इतिहास देखने वाली है। 48 टीमों वाला यह अब तक का सबसे बड़ा वर्ल्ड कप होगा। लेकिन इस बार चर्चा प्लेयर्स की ही नहीं, बल्कि मैच में इस्तेमाल होने वाली बॉल 'ट्रिओंडा' की भी है। एडिडास की ये हाई-टेक बॉल गेम के नियम ही बदलने वाली है। इसकी ऑफिशियल बॉल 'ट्रिओंडा' सिर्फ खेलने के लिए नहीं, बल्कि मैच के फैसले करने के लिए भी बनाई गई है।

GPS ट्रैकर की तरह काम करेगी बॉल

आपने मोबाइल और स्मार्टवॉच चार्ज होते देखी होगी, लेकिन वर्ल्ड कप 2026 में बॉल भी चार्ज होगी। ट्रिओंडा के अंदर एडवांस बैटरी और इलेक्ट्रॉनिक सर्किट लगे हैं। मैच से पहले इसे चार्ज किया जाएगा। इसके बाद ये पूरे 90 मिनट तक लाइव जीपीएस ट्रैकर की तरह काम करेगी और हर मूवमेंट का डेटा भेजती रहेगी। ट्रिओंडा के बीच में एक खास IMU सेंसर सस्पेंड किया गया है। ये सेंसर हर सेकंड 500 बार बॉल की पोजीशन, रफ्तार और घूमने की दिशा नोट करता है। सारा डेटा सीधे VAR रूम में पहुंचता है। यानी ऑफसाइड हुआ या बॉल हाथ से लगी, रेफरी को रिप्ले में टाइम बर्बाद नहीं करना पड़ेगा। बॉल खुद बता देगी कि टच किसका था।

हवा में उड़ते समय भटकेगी नहीं बॉल

एडिडास ने ट्रिओंडा का डिजाइन पूरी तरह बदल दिया है। इसे सिर्फ चार पैनलों से थर्मल बॉन्डिंग तकनीक से जोड़ा गया है। बॉल की सतह पर तीन गहरी लकीरें यानी ग्रूव्स और बारीक बनावट दी गई है। इससे हवा में उड़ते वक्त बॉल भटकेगी नहीं। शॉट मारने पर प्लेयर को ज्यादा कंट्रोल मिलेगा और बॉल का स्विंग भी बेहतर होगा। ट्रिओंडा का मतलब होता है 'तीन लहरें'। बॉल पर बने लाल, नीले और हरे रंग के डिजाइन तीनों मेजबान देशों की कहानी कहते हैं। इसमें कनाडा का मेपल लीफ, मैक्सिको का ईगल और अमेरिका के स्टार्स को जगह दी गई है। यानी ये बॉल तीनों देशों की एकता का सिंबल भी है।

फुटबॉल का फ्यूचर है ट्रिओंडा

अब तक VAR सिस्टम कई कैमरों पर चलता था, लेकिन ट्रिओंडा के बाद बॉल खुद सबसे बड़ा अंपायर बन जाएगी। गोललाइन टेक्नोलॉजी हो या हैंडबॉल का विवाद, बॉल का डेटा फाइनल सबूत होगा। इससे खेल ज्यादा फेयर होगा और गलत फैसलों पर होने वाली लड़ाई खत्म हो जाएगी। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जब ट्रिओंडा मैदान पर लुढ़केगी, तो समझ लीजिए कि फुटबॉल का एक नया युग शुरू हो चुका है। ये सिर्फ एक बॉल नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी और ट्रेडिशन का फ्यूजन है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article