स्पोर्ट्स

FIDE World Cup 2025: प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचे अर्जुन एरिगेसी और पी हरिकृष्णा, आर प्रज्ञानानंदा हुए विश्व कप से बाहर

भारत के युवा शतरंज स्टार आर प्रज्ञानानंदा गोवा में चल रहे फिडे वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं वहीं र्जुन एरिगेसी और पी हरिकृष्णा ने प्री क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

Image

आर प्रज्ञानानंदा

पणजी (गोवा): ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगेसी और पी हरिकृष्णा के लिए बृहस्पतिवार का दिन अच्छा रहा जिसमें दोनों ने शतरंज विश्व कप के चौथे दौर के टाईब्रेकर में क्रमश: हंगरी के अनुभवी पीटर लेको और स्वीडन के निल्स ग्रैंडेलियस को हरा दिया। एरिगेसी ने टाईब्रेकर के पहले सेट में ही लेको को 3-1 से हरा दिया जबकि हरिकृष्णा ने पहला सेट ड्रॉ किया और फिर दूसरा सेट जीतकर कुल 2.5-1.5 से जीत हासिल कर अंतिम 16 में पहुंच गए। वहीं आर प्रज्ञानानंदा बराबरी बरकरार नहीं रख सके और रूस के डेनियल डुबोव से हारकर इस साल के विश्व कप से बाहर हो गए।

गौरतलब है कि 2023 में आयोजित पिछले चरण में इस युवा भारतीय ने फाइनल तक का सफर तय किया था लेकिन नॉर्वे के विजेता मैग्नस कार्लसन से हार गए थे। एरिगेसी के लिए अगला दौर बेहद अहम होगा क्योंकि उनका सामना बेहतरीन फॉर्म में चल रहे अमेरिका के लेवोन अरोनियन से होगा। अरोनियन सही समय पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं और इस प्रतियोगिता में किसी के लिए भी मुश्किल प्रतिद्वंद्वी साबित हो सकते हैं। जर्मनी के फ्रेडरिक स्वेन ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अर्मेनिया के शांत सार्गस्यान को 2.5-1.5 से हराया।

इससे पहले विश्व चैंपियन डी गुकेश को हराने वाले स्वेन ने अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया और कैंडिडेट्स में जगह बनाने की दौड़ में बने हुए हैं। 20 लाख डॉलर की इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट में एक बड़ा उलटफेर भी देखने को मिला जब एलेक्सी ग्रेबनेव ने फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव को 2.5-1.5 से हरा दिया। वाचियर-लाग्रेव के बाहर होने का मतलब यह भी है कि अगर भारत के बचे हुए दो खिलाड़ी अगली बाधा पार कर लेते हैं तो उनके लिए आगे की राह आसान हो सकती है।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article