क्रिकेट

Women's ODI World Cup 2025 Semi Finals: सेमीफाइनल की तस्वीर हुई साफ, इस टीम से होगी टीम इंडिया की फाइनल में एंट्री के लिए भिड़ंत

विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल मैचों में होने वाली भिड़ंत का फैसला ऑस्ट्रेलिया की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ धमाकेदार जीत के साथ हो गया। जानिए कब और कहां खेले जाएंगे सेमीफाइनल मुकाबले और किन टीमों के बीच होगी फाइनल में एंट्री के लिए भिड़ंत?

Image

आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 सेमीफाइनल

Photo : AP

इंदौर: डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को अपने आखिरी लीग मुकाबले में 7 विकेट से पटखनी देकर अपना विजय अभियान जारी रखा। ऑस्ट्रेलिया ने अलाना किंग की रिकॉर्ड तोड़ गेंदबाजी के बल पर दक्षिण अफ्रीका को 97 रन पर ढेर कर दिया इसके बाद जीत के लिए मिले लक्ष्य को 16.5 ओवर में 7 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया।

साफ हुई सेमीफाइनल की तस्वीर

ऑस्ट्रेलिया ने लीग दौर का अंत 7 मैच में 6 जीत और 13 अंक के साथ किया और अंक तालिका में टॉप पर रही। वहीं दक्षिण अफ्रीका की टीम 7 मैच में 5 जीत और 2 हार के साथ दूसरे पायदान पर रही। इंग्लैंड 6 मैच में 4 जीत के साथ तीसरे और टीम इंडिया 6 मैच में 6 अंक के साथ चौथे पायदान पर है। दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबले का परिणाम आते ही सेमीफाइनल मैचों की तस्वीर साफ हो गई है।

30 अक्टूबर को मुंबई में होगी भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच भिड़ंत

पहला सेमीफाइनल मुकाबला इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच 29 अक्टूबर को गुवाहाटी में खेला जाएगा। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच भिड़ंत 30 अक्टूबर को नवी मुंबई के डीवाय पाटिल स्टेडियम में होगी। भारतीय टीम को अपना अंतिम मैच इसी मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ रविवार को खेलना है। इसी मैदान पर भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को पटखनी देकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की थी। लगातार तीन मैच एक ही मैदान पर खेलने का फायदा निश्चित तौर पर भारतीय टीम को मिलेगा लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम से पार पाना टीम इंडिया के लिए कतई आसान नहीं होगा। लीग दौर के मुकाबले में भारतीय टीम के जबड़े से ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जीत एलिसा हीली के कप्तानी शतक की बदौलत छीन ली थी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article