क्रिकेट

Who Won Yesterday Cricket Match (11 December, 2025): कल का मैच कौन जीता? IND vs SA 2nd T20, भारत को मिली द.अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 में करारी मात, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

  • Agency by: Agency
  • Updated Dec 12, 2025, 12:00 AM IST

IND vs SA, Who Won Yesterday T20 Match (कल का मैच कौन जीता?): टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुल्लानपुर में खेले गए पांच मैच की सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में 51 रन के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल।

Image

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, दूसरा टी20आई, कल का मैच कौन जीता

Photo : AP

टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ न्यू चंडगढ़ के मुल्लानपुर में गुरुवार को खेले गए पांच मैच की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में 51 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा है। मैच में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 213 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद जीत के लिए 214 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया को 51 रन के अंतर से हार का मुंह देखना पड़ा। तिलक वर्मा के अलावा और कोई भारतीय बल्लेबाज पिच पर पैर नहीं जमा सका और भारतीय टीम को अपने घर पर रन अंतर के आधार पर सबसे बड़ी हार का मुंह देखना पड़ा।

टीम इंडिया ने जीता टॉस:

मुल्लानपुर में खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

दक्षिण अफ्रीका ने की तेज शुरुआत:

दक्षिण अफ्रीका के लिए पारी की शुरुआत करने क्विंटन डिकॉक और रीजा हेंड्रिक्स की जोड़ी उतरी। दोनों ने चार ओवर में 38 रन तेजी से जोड़े लेकिन पांचवें ओवर की पहली गेंद पर हेंड्रिक्स को वरुण चक्रवर्ती ने बोल्ड करके पवेलियन वापस भेज दिया। वो केवल 8(10) रन बना सके। 38 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका ने पहला विकेट गंवाया।

दक्षिण अफ्रीका 5.5 ओवर में 50 रन के पार

हेंड्रिक्स के आउट होने के बाद डिकॉक और कप्तान एडेन मार्करम ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों टीम को 5.5 ओवर में 50 रन के पार ले गए। पॉवरप्ले में दक्षिण अफ्रीका की टीम एक विकेट पर 53 रन बना सकी।

डिकॉक ने 26 गेंद में जड़ा पचासा

टीम को पचास रन के पार पहुंचाने के बाद डिकॉक ने अपनी आतिशी बल्लेबाजी जारी रखते हुए अर्धशथक 26 गेंद में 4 चौके और चार छक्के की मदद से पूरा कर लिया। डिकॉक और मार्करम के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 32 गेंद में पूरी हो गई। साझेदारी में डिकॉक ने 34 और मार्करम ने 13 रन का योगदान दिया। दोनों टीम को 10.2 ओवर में 100 रन के पार ले जाने में सफल हुए।

मार्करम बने चक्रवर्ती का शिकार

121 के स्कोर पर मार्करम चक्रवर्ती की गेंद पर गच्चा खाकर अक्षर पटेल के हाथों लपके गए। उन्होंने 29(26) रन की पारी खेली। उनके आउट होते ही डिकॉक और मार्करम के बीच 83(47) रन की साझेदारी टूट गई। दक्षिण अफ्रीका को दूसरा झटका 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर 121 के स्कोर पर लगा।

डिकॉक पूरा नहीं कर पाए शतक

मार्करम के आउट होने के बाद डिकॉक का साथ देने युवा डेवाल्ड ब्रेविस आए। ब्रेविस ने अपने आतिशी अंदाज में रन बनाने शुरु किए लेकिन दूसरे छोर पर शतक की ओर बढ़ रहे डिकॉक को जीतेश शर्मा ने शानदार तरीके से रन आउट कर दिया। डिकॉक 90(46) रन बना सके। आउट होने से पहले डिकॉक और ब्रेविस ने 14.3 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया था। 156 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका लगा। इसके थोड़ी ही देर बाद ब्रेविस को अक्षर पटेल ने तिलक वर्मा के हाथों कैच कराकर दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका दिया। ब्रेविस ने 14 रन बनाए और इस दौरान एक चौका और एक छक्का जड़ा।

फरेरा और मिलर ने पहुंचाया 200 के पार

दक्षिण अफ्रीका ने 16.1 ओवर में 160 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में दो नए बल्लेबाज डेवोनन फरेरा और डेविड मिलर मैदान पर थे। दोनों ने आखिरी ओवरों में भी रनों की रफ्तार कम नहीं होने दी और टीम को 19.2 ओवर में 200 रन के पार पहुंचा दिया। दक्षिण अफ्रीकी टीम 20 ओवर में 4 विकेट पर 213 रन बनाने में सफल रही। फरेरा 30(16) और मिलर 20(12) रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 53* (23) रन की साझेदारी की। भारत के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट वरुण चक्रवर्ती ने लिए। एक सफलता अक्षर पटेल को मिली। वहीं एक खिलाड़ी रन आउट हुआ।

खराब रही टीम इंडिया की शुरुआत

जीत के लिए 214 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया के लिए पारी की शुरुआत करने अभिषेक शर्मा और अभिषेक शर्मा की जोड़ी उतरी। टीम को पहली झटका पारी की पांचवीं गेंद पर शुभमन गिल के रूप में लगा। गिल अपनी पहली ही गेंद पर नगिडी का शिकार बनकर पवेलियन लौट गए। वो अपना खाता नहीं खोल पाए। 9 रन के स्कोर पर टीम इंडिया को पहला झटका लगा।

कप्तान सूर्या फिर रहे नाकाम

गिल के आउट होने के बाद अभिषेक शर्मा का साथ देने अक्षर पटेल आए। दोनों ने स्कोर को आगे बढ़ाने की कोशिश की। लेकिन 19 के स्कोर पर अभिषेक 17(8) रन बनाकर मार्को यानसेन की गेंद पर विकेट के पीछे डिकॉक के हाथों लपके गए। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी करने आए और जल्दी ही यानसेन का दूसरा शिकार बने। वो भी विकेट के पीछे डिकॉक के हाथों लपके गए।

32 रन पर गंवा दिए थे टीम इंडिया ने 3 विकेट

टीम इंडिया ने 3.5 ओवर में महज 32 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में अक्षर पटेल और तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। दोनों टीम को 5.4 ओवर में 50 रन के पार ले गए। दोनों स्कोर को 73 रन तक ले गए लेकिन आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर अक्षर की पारी को बार्टमैन ने हैंड्रिक्स के हाथों कैच कराकर खत्म कर दिया। अक्षर 21(21) रन बना सके।

हार्दिक-तिलक के बीच हुई अर्धशतकीय साझेदारी

अक्षर के आउट होने के बाद तिलक का साथ देने पिछले मैच के हीरो रहे हार्दिक पांड्या आए। हार्दिक ने आते ही तेजी से रन बनाने शुरू किए। टीम के ऊपर रनों का दबाव बढ़ रहा था। दोनों स्कोर को 12.1 ओवर में 100 रन के पार ले गए। इसी दौरान तिलक वर्मा ने अपना अर्धशतक 27 गेंद में 2 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। 118 रन पर टीम इंडिया को पांचवां झटका हार्दिक पांड्या के रूप में लगा। हार्दिक 20(23) रन बनाकर सिंपाला की गेंद पर ब्रेविस के हाथों लपके हए।

118 रन पर पवेलियन लौटी आधी टीम इंडिया

118 रन पर आधी टीम इंडिया पवेलियन लौट गई थी। ऐसे में बल्लेबाजी करने आए जीतेश शर्मा ने तिलक वर्मा का आतिशी अंदाज में साथ दिया। दोनों टीम को तेजी से 150 रन के पार ले गए। 17.2 ओवर में ले गए। 157 रन पर जीतेश 17 गेंद पर 27 रन बनाकर सिंपाला की गेंद पर बार्टमैन के हाथों लपके गए। इसके बाद विकेटों की झड़ी लग गई। शिवम दुबे, 158 के स्कोर परक 1(2) रन बनाकर सिंपाला की गेंद पर बोल्ड हो गए।

घर पर मिली टीम इंडिया को सबसे बड़ी हार

इसके बाद अर्शदीप बल्लेबाजी करने आए और आते ही चौका जड़ दिया। लेकिन 162 के स्कोर पर भारतीय टीम ने बाकी बचे तीनों विकेट गंवा दिए और 51 रन के अंतर से मैच गंवा दिया। यह भारतीय टीम की घर पर अंतरराष्ट्रीय टी20 में रन अंतर के आधार पर सबसे बड़ी हार है। इस मुकाबले में हार के साथ ही सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है। अगला मुकाबला धर्मशाला में 14 दिसंबर को खेला जाएगा। दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट ओटनील बार्टमैन ने लिए। वहीं दो-दो सफलता लुंगी नगिडी, मार्को यानसेन, लुथो सिंपाला के हाथ लगी।

प्लेयर ऑफ द मैच:

46 गेंद में 90 रन की आतिशी मैच जिताऊ पारी खेलने वाले क्विंटन डिकॉक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

End of Article