क्रिकेट

WPL 2023: कौन हैं तारा नॉरिस? महिला प्रीमियर लीग में खेलने वाली अकेली अमेरिकी खिलाड़ी को जानिए

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 1, 2023, 04:34 PM IST

Who is Tara Norris, WPL 2023: महिला प्रीमियर लीग 4 मार्च से शुरू होने जा रहा है। इस लीग के लिए हुई नीलामी में एसोसिएट देशों से सिर्फ एक खिलाड़ी की बोली लगी और वो हैं अमेरिका की तारा नॉरिस। तारा एकमात्र अमेरिकी खिलाड़ी हैं जो डब्ल्यूपीएल में खेलती दिखेंगी। वो भारतीय खिलाड़ियों से सीखना चाहती हैं।

Image

तारा नॉरिस (Instagram)

WPL 2023: आखिर कौन हैं तारा नॉरिस, जिनका नाम इस समय काफी चर्चा में है। तारा नॉरिस अमेरिका की तेज गेंदबाज हैं और एसोसिएट देश से शुरूआती महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में हिस्सा लेने वाली एकमात्र क्रिकेटर हैं। वो मुंबई में इस महीने के अंत में शुरू होने वाली इस टी20 प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों से खेल के बारे में और अधिक जानकारी हासिल करने के लिये उत्साहित हैं।

नॉरिस ने पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने चार विकेट हासिल किये हैं। उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले महीने हुई नीलामी में 10 लाख रूपये में खरीदा था। फ्रेंचाइजी द्वारा जारी एक बयान में नौरिस ने कहा, ‘‘इसमें कुछ विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं और भाग्यशाली हूं कि मुझे उनमें से कुछ के साथ ट्रेनिंग करने का मौका मिलेगा और उम्मीद करती हूं कि उनमें से कुछेक के साथ खेलूंगी भी। मैं ज्यादा से ज्यादा सीखने की कोशिश करूंगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘साथ ही मैं पहले कभी भारत नहीं आयी हूं। मुझे यहां परिस्थितियों और मौसम के बारे में भी सीखने को मिलेगा।’’ नॉरिस ने कहा कि वह डब्ल्यूपीएल में अपने प्रदर्शन से एसोसिएट देशों को गौरवान्वित करना चाहेंगी। उन्होंने कहा, ‘‘मैं निश्चित रूप से सभी एसोसिएट देशों को गौरवान्वित करना चाहती हूं। मैं इन सभी खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व कर रही हूं। काफी महिला खिलाड़ियों को ‘फंड’ और सुविधाओं के लिये जूझना पड़ता है। मैं एसोसिएट देशों के लिये जागरूकता बढ़ाना चाहती हूं और उम्मीद करती हूं कि अगले साल ज्यादा खिलाड़ी शामिल होंगे। ’’

डब्ल्यूपीएल चार से 26 मार्च तक कराया जायेगा। दिल्ली कैपिटल्स अपने अभियान की शुरूआत पांच मार्च को ब्रैबोर्न स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ करेगी।

कौन हैं तारा नॉरिस?

तारा नॉरिस का जन्म 4 जून 1998 को अमेरिका के फिलाडेलफिया में हुआ था। वो बाएं हाथ की तेज गेंदबाज हैं और बाएं हाथ से ही बल्लेबाजी भी करती हैं। वो अमेरिकी महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने अक्टूबर 2021 में अपने अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का आगाज किया था। इस 24 वर्षीय खिलाड़ी के पास इंग्लैंड में ससेक्स क्लब के साथ-साथ दुनिया के कई और क्लब व टीमों में खेलने का अनुभव है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article