क्रिकेट

कौन हैं भारत को जीत से वंचित करने वाले सोनल दिनुशा, बहन ने पैसे उधार लेकर खरीदा था पहला बल्ला, फर्श से अर्श तक पहुंचने की कहानी

Story Of Batsman Sonal Dinusha: टीम इंडिया को कोलंबो टेस्ट मैच में ऐतिहासि शतकीय पारी के दम पर जीत से दूर कर देने वाले सोनल दिनुशा एक शानदार क्रिकेटर बनने की राह पर निकल पड़े हैं। पूरी दुनिया में उनकी तारीफ हो रही है, लेकिन क्या आपको पता है कि इस खिलाड़ी को यहां तक पहुंचने के लिए कितना संघर्ष करना पड़ा।

Image

कौन हैं भारत के खिलाफ इतिहास रचने वाले सोनल दिनुशा, जानिए इनकी कहानी (AI Generated Image)

भारत को दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में जीत से वंचित करने वाले श्रीलंका के युवा बल्लेबाज सोनल दिनुशा को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा और यहां तक कि उनके लिए पहला बल्ला उनकी बहन ने पैसे उधार लेकर खरीदा था। यह क्रिकेटर अपने खेल के प्रति कितना गंभीर है, इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि उन्होंने दूसरे टेस्ट में भारत की संभावित जीत को अकेले दम पर टालने के कुछ ही घंटों के भीतर नेट पर अभ्यास करना चाहा। जश्न मनाना उस श्रीलंकाई खिलाड़ी के लिए कोई मायने नहीं रखता था, जिन्होंने अपने जीवन की कठोर वास्तविकताओं से ध्यान हटाने के लिए खेल को चुना था।

दिनुशा ने भारत के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला में तीन शतकों की मदद से 420 रन बनाए। पांच टेस्ट मैच खेल चुके इस ऑलराउंडर का प्रदर्शन दोनों मैच में लाजवाब रहा। उनके लिए हालांकि यहां तक का सफर आसान नहीं रहा था। उन्हें पहला बल्ला उनकी बहन ने उपहार में दिया था। परिवार की आर्थिक तंगी के कारण उनकी बहन ने उधार लेकर उनके लिए बल्ला खरीदा था।

दिनुशा के भरोसेमंद कोच अशान प्रियंजन ने पीटीआई से कहा, "उसे बास्केटबॉल में दिलचस्पी थी। वह बहुत लगन से अभ्यास करता था। लेकिन उसके स्कूल के कोच सुसंथा फेलिक्स डियास ने उसे क्रिकेट खेलते हुए देखकर क्रिकेट टीम में शामिल कर लिया। उसके पास बल्ला या अन्य कोई सामान नहीं था। उसकी बहन ने कुछ पैसे उधार लेकर उसके लिए बल्ला खरीदा। यह उसका पहला क्रिकेट बल्ला था। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। वह अपने पिता, माता और भाई-बहनों से बहुत जुड़ा हुआ है। मुझे लगता है कि वह क्रिकेट से भी उसी तरह जुड़ा हुआ है।"

भारत के खिलाफ टेस्ट मैच शुरू होने से कुछ दिन पहले दिनुशा ने प्रियांजन को फोन किया था। प्रियांजन ने कहा, "उसने कहा, ’सर, भारत के पास हर तरह के स्पिनर हैं। हमें अच्छी तैयारी करनी होगी।’ यही हमारी चर्चा का मुख्य बिंदु था। वह हर मैच से पहले मुझे फोन करता है।’’

दिनुशा की कड़ी मेहनत आखिर में रंग लाई और उन्होंने भारत के स्पिनरों रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार (सभी बाएं हाथ के स्पिनर) और सारांश जैन (ऑफ-स्पिनर) के खिलाफ स्वीप शॉट का शानदार नमूना पेश करते हुए उन्हें कुंद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

दिनुशा ने गॉल और कोलंबो टेस्ट मैचों में कुल 420 रन बनाए, जिनमें से 173 रन स्वीप शॉट से आए। इस तरह से उन्होंने किसी एक टेस्ट सीरीज में स्पिन के खिलाफ स्वीप शॉट खेलते हुए सबसे अधिक रन बनाने के मामले में जो रूट (160 रन) को पीछे छोड़ दिया।

यह 25 वर्षीय खिलाड़ी कड़ी मेहनत करने में विश्वास रखता है और यही वजह है कि प्रियांजन को दिनुशा की भारतीय स्पिनरों के खिलाफ मिली सफलता पर आश्चर्य नहीं हुआ। उन्होंने कहा, "मैंने उसे पहली बार स्कूल क्रिकेटर के रूप में देखा था। तब वह 11 या 12 साल का था, लेकिन उस उम्र में भी क्रिकेट के प्रति उसका उत्साह और समर्पण सराहनीय था।"

उन्होंने कहा, "मैंने एक बार उससे कहा था कि स्पिनरों के खिलाफ सफल होने के लिए उन्हें स्वीप शॉट अच्छी तरह से खेलना आना चाहिए। इसके बाद से ही उसने लगभग दो घंटे नेट पर सिर्फ स्वीप शॉट का अभ्यास किया।’’

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें