Who is Sachin Dhas: भारत ने अंडर 19 विश्व कप 2024 के पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को दो विकेट से हरा दिया। टीम ने 48.5 ओवर में 245 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत के लिए लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं था क्योंकि उन्हें 11.2 ओवर में 4 विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, कप्तान उदय सहारण (124 में से 81) और सचिन धास (95 में से 96) ने पारी को स्थिर करने के लिए पांचवें विकेट के लिए 171 (187) की विशाल साझेदारी की और भारत को जीत दिला दी।
खेल के हीरो निस्संदेह सचिन धास रहे जिन्होंने 11 चौकों और एक छक्के की मदद से शानदार 96 (95) रन बनाए। 19 वर्षीय खिलाड़ी टूर्नामेंट में लगातार दूसरे शतक से चूक गए।इससे पहले उन्होंने ब्लोमफोंटेन में नेपाल के खिलाफ भारत के आखिरी ग्रुप गेम में 116 (101) रन बनाए थे। इसके बाद से इस युवा प्लेयर को लेकर हर तरफ चर्चाएं होने लग गई है।
कौन हैं सचिन धास?
सचिन धास महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। पुणे में आयोजित किए गए एक अंडर-19 टूर्नामेंट में इस युवा स्टार ने अपने छक्कों से सभी की निगाहें खींच ली थी। उनके छक्के देखकर टूर्नामेंट के आयोजन हैरान रह गए थे और यहां तक की उनके बल्ले की भी जांच की गई थी। हालांकि सभी चीज ठीक होने के बाद उन्हें आगे की ओर खेलने दिया गया था।
तेंदुलकर को देखकर रखा गया नाम
सचिन के पिता संजय धास ने उनका नाम भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के नाम पर रखा है, जो सुनील गावस्कर के बाद उनके दूसरे पसंदीदा क्रिकेटर हैं। इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में संजय, जो खुद यूनिवर्सिटी लेवल पर क्रिकेट खेल चुके हैं, ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने बेटे को उसके जन्म से पहले ही क्रिकेटर बनाने की योजना बना ली थी।
संजय ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने अपने बेटे को प्रशिक्षित करने के लिए पैसे उधार लेकर टर्फ विकेट तैयार किए। हालांकि, बीड में जल संकट के कारण विकेटों को ताज़ा रखना एक कठिन काम था। इसलिए, उन्हें हर दूसरे या तीसरे दिन पानी के टैंकर को बुलाना पड़ता था और वह सचिन के कोच अज़हर को श्रेय देते हैं जिन्होंने आज उन्हें प्रतिभाशाली बल्लेबाज बनाने के लिए अथक प्रयास किया।
