क्रिकेट

टी20 विश्व कप तैयारियों के लिए आखिरी मंच है WCPL 2024, बोलीं-यह भारतीय महिला खिलाड़ी

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की मीडिल ऑर्डर बल्लेबाज जेमिमा रॉड्रिग्स ने कैरेबियन प्रीमियर लीग को टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए एक मंच की तरह इस्तेमाल की बात की है। टी 20 विश्व कप से पहले मेरे पास यही कुछ मैच हैं

Image

जेमिमा रॉड्रिक्स (साभार-x)

हंड्रेड और डब्लूबीबीएल का हिस्सा रह चुकीं जेमिमाह रॉड्रिग्स पहली बार महिला कैरेबियन प्रीमियर लीग (डब्लूसीपीएल ) खेलने जा रही हैं। वह इस टूर्नामेंट को टी20 विश्व कप के तैयारियों के लिए एक अहम हिस्सा मानती हैं। बुधवार से शुरू हुए डब्लूसीपीएल में वह हमवतन शिखा पांडे के साथ ट्रिनबैगो नाइट राइडर्स टीम का हिस्सा हैं।

टूर्नामेंट शुरू होने से पहले हुए मीडिया बातचीत में रॉड्रिग्स ने कहा, "टी 20 विश्व कप से पहले मेरे पास यही कुछ मैच हैं। कुछ नई चीज़ें हैं, जिनका मैं लगातार अभ्यास कर रही थी और यहां मैं उन्हें आज़माने वाली हूं। फ्रेंचाइजी क्रिकेट मुझे हमेशा उत्साहित करती है।"

अक्टूबर में दुबई में होने वाला टी20 विश्व कप रॉड्रिग्स का चौथा टी20 विश्व कप होगा। उन्होंने कहा, "मुझे यात्रा करना और अलग-अलग टीमों के लिए खेलना पसंद है। मुझे नए लोगों से मिलना और नए क्रिकेटरों को जानना अच्छा लगता है। मुझे यह जानना अच्छा लगता है कि वे अलग-अलग परिस्थितियों में अपने शरीर और दिमाग़ को कैसे ढालती हैं और कैसे खेलती हैं। आप जब भी क्रिकेट खेलने मैदान पर उतरते हो, परिस्थितियां बदली रहती हैं।

दबाव के क्षणों में ये तैयारियां बहुत काम आती हैं। मैं इस टूर्नामेंट को विश्व कप की तैयारियों की तरह देख रही हूं। इसके साथ ही यह मेरी ज़िम्मेदारी है कि मैं ट्रिनबैगो नाइट राइडर्स की टीम को टूर्नामेंट में आगे बढ़ने में मदद भी करूं। कुल मिलाकर मैं यहां खेलने के लिए बहुत उत्साहित हूं।"

रॉड्रिग्स फ़िलहाल भारत के लिए टी20 मैचों में नंबर पांच पर खेलती हैं, लेकिन डब्लूसीपीएल में वह नंबर तीन पर खेलती हुई दिखेंगी। क्या यह चुनौतीपूर्ण होगा? रॉड्रिग्स ने कहा, "मुझे लगता है कि हर बल्लेबाज का अपना एक अलग फार्मूला होता है। मेरे लिए परिस्थितियों को जल्दी से पढ़ना और उनके अनुसार शॉट खेलना अधिक महत्वपूर्ण है। यहां पिच धीमी होंगी, तो मुझे उसके अनुसार बल्लेबाजी करनी होगी। मैं इन चीज़ों को लेकर हमेशा से स्पष्ट रहना चाहती हूं ताकि मेरे दिमाग़ में भी एक स्पष्टता रहे।"

(IANS इनपुट के साथ)

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article