आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 के फाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका महिला टीम पर 52 रनों की शानदार जीत के साथ अपना पहला महिला विश्व कप खिताब जीता। कप्तान हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में मिली इस जीत में दीप्ति शर्मा, जिन्होंने अर्धशतक बनाया और पांच विकेट लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहीं। वहीं फाइनल में 87 रनों की पारी के साथ 2 विकेट लेने वाली युवा शेफाली वर्मा प्लेयर ऑफ द मैच रहीं। भारतीय टीम की इस कामयाबी पर खेल जगत के दिग्गजों ने जमकर शुभकामनाएं दी हैं।
ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर लिखा, "विश्व चैंपियन! भारतीय महिला क्रिकेट टीम को उनके पहले महिला वनडे विश्व कप खिताब जीतने पर बधाई। क्या शानदार प्रदर्शन है!"
भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने पोस्ट में लिखा, "लड़कियों ने इतिहास रच दिया है और एक भारतीय होने के नाते, इतने सालों की मेहनत को आखिरकार साकार होते देखकर मुझे बेहद गर्व हो रहा है। वे सभी प्रशंसा की पात्र हैं और इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हरमन और पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई। साथ ही, पूरी टीम और प्रबंधन को भी पर्दे के पीछे के काम के लिए बधाई। शाबाश भारत। इस पल का पूरा आनंद उठाओ। यह हमारे देश में लड़कियों की पीढ़ियों को इस खेल को अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। जय हिंद।"
शिखर धवन ने अपने पोस्ट में कहा, "ब्लू में महिलाओं द्वारा अविश्वसनीय जीत! शेफाली वर्मा की निडर बल्लेबाजी और दीप्ति शर्मा की ऑलराउंड क्लास ने सारा अंतर ला दिया। हर मायने में चैंपियन!"
पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने पोस्ट किया, "भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई, यह एक शानदार अभियान था। लड़कियों और अमोल मजूमदार (कोच) के नेतृत्व में पूरे सपोर्ट स्टाफ को बहुत-बहुत बधाई।"
इरफान पठान ने एक्स पर लिखा, "विश्व कप जीतने के लिए भारतीय महिला टीम को बहुत-बहुत बधाई। शानदार खेल। दीप्ति शर्मा, आप क्या खिलाड़ी हैं। शेफाली, बहुत अच्छा।"
वीरेंद्र सहवाग ने सोशल मीडिया पर लिखा, "चैंपियंस! हर चौके हर विकेट, अपने जज्बे से पूरे देश का दिल जीत लिया! हमारी विश्व चैंपियन लड़कियों पर गर्व है। क्या जीत है। हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम ने पूरी पीढ़ी को जीतने का, लड़ने का, चमकने का सपना दे दिया!"
पूर्व दिग्गज दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज एबी डी विलियर्स ने लिखा, "टीम इंडिया को बधाई। अपने सिर ऊंचे रखें, दक्षिण अफ्रीकी महिला क्रिकेट टीम। वैश्विक महिला खेल फलफूल रहा है, क्या फाइनल था, क्या टूर्नामेंट था!"
भारत ने 298/7 का लक्ष्य रखा, जिसमें शैफाली वर्मा ने 87 रन और दीप्ति शर्मा ने 58 रनों का योगदान दिया। साउथ अफ्रीका, कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट के 101 रनों के शतक के बावजूद, 246 रनों पर सिमट गई, जिसमें दीप्ति शर्मा ने 5/39 और शैफाली वर्मा ने 2/36 विकेट लिए।
यह जीत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले मैच में भारत की उल्लेखनीय जीत के बाद मिली है, जहां उन्होंने जेमिमा रोड्रिग्स के शतक और हरमनप्रीत कौर के विशेष प्रदर्शन के साथ 339 रनों के रिकॉर्ड-ब्रेकिंग लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया था।
भारत की पारी की शुरुआत स्मृति मंधाना (45 रन) और शैफाली वर्मा के बीच एक मजबूत शतकीय साझेदारी के साथ हुई, जिसके बाद वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स (24 रन) के बीच 62 रनों की साझेदारी हुई। कप्तान हरमन के 20 रन और दीप्ति शर्मा के बीच 52 रनों की साझेदारी ने भारतीय टीम को 200 रनों के पार पहुंचाने में मदद की। अंत में दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष ने तेज बल्लेबाजी की, दीप्ति ने अर्धशतक लगाया। जिससे भारत ने 50 ओवरों में 298 रन का स्कोर बनाया। जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम 246 रन पर ऑल-आउट हो गई।
