Virat Kohli, T20 World Cup 2024 India Squad: वेस्टइंडीज और अमेरिका में जून 2024 में टी20 विश्व कप का आयोजन होने वाला है। यानी आईपीएल 2024 खत्म होने के बाद सभी दिग्गज देशों के खिलाड़ी इस टूर्नामेंट की तरफ अपने कदम बढ़ाएंगे। टीम इंडिया भी इस टूर्नामेंट को लेकर सचेत है और वो चाहेंगे कि कोई भी प्रमुख खिलाड़ी आईपीएल के दौरान चोटिल ना हो। अभी टी20 विश्व कप के लिए टीम इंडिया घोषित तो नहीं हुई है लेकिन भारत के दिग्गज खिलाड़ी (Virat Kohli) को लेकर एक बड़ी खबर आ रही है।
'टेलीग्राफ' में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय चयनकर्ता टी20 विश्व कप 2024 के लिए विराट कोहली को टीम इंडिया में शामिल करने के इच्छुक नहीं हैं। इसकी बड़ी वजह मानी जा रही है कि टी20 क्रिकेट फॉर्मेट में विराट कोहली टीम की जरूरत खरे नहीं उतरे हैं। आपको बता दें कि विराट कोहली ने टी20 विश्व कप 2022 के बाद से एक भी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। हालांकि उनको अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के दौरान रोहित शर्मा के साथ टीम में शामिल किया गया था। बाद में बीसीसीआई सचिव जय शाह ने रोहित शर्मा के टी20 विश्व कप में भारत के कप्तान होने की बात तो कही लेकिन विराट के टी20 भविष्य पर उन्होंने कुछ नहीं कहा।
अगरकर ने की थी बात
इस रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई ने विराट कोहली के चयन को मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के ऊपर छोड़ दिया है क्योंकि संवेदनशील मुद्दे को देखते हुए ज्यादातर लोग इस प्रक्रिया से दूर रहना चाहते हैं। गौरतलब है कि अगरकर ने विराट कोहली से टी20 में अपने रुख को बदलने को लेकर बात की थी, कोहली ने अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में इस पर अमल करने का प्रयास भी किया लेकिन उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिली।

Virat Kohli
ये भी है कारण?
रिपोर्ट के अनुसार टीम प्रबंधन का मानना है कि वेस्टइंडीज में पिचें काफी धीमी हैं जो विराट कोहली के खेलने के अंदाज को रास नहीं आती हैं, ऐसे में अगरकर विराट कोहली से बात कर सकते हैं कि युवा खिलाड़ियों को आगे आने का मौका दें। बीसीसीआई का मानना है कि सूर्यकुमार यादव, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा और शिवम दुबे जैसे युवा खिलाड़ियों के पास टी20 क्रिकेट में कोहली से बहुत ज्यादा योगदान देने की क्षमता मौजूद है।

KL Rahul Wicket Keeping
राहुल होंगे विकेटकीपर?
केएल राहुल टी20 विश्व कप 2024 में भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर होंगे ये लगभग तय नजर आ रहा है। हालांकि राहुल की फिटनेस भी अभी चिंता का विषय है और आईपीएल के दौरान उनकी फिटनेस का टेस्ट भी हो जाएगा। ऐसे में ध्रुव जुरेल और जितेश शर्मा पर चयनकर्ता लगातार नजर बनाए हुए हैं जो भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में चमकते नजर आए थे।
टी20 विश्व कप 2024 के लिए सभी देशों को अपनी प्रवोशिनल टीमों की लिस्ट मई के पहले हफ्ते तक आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) को भेजनी है। भारतीय टीम को ग्रुप-ए में पाकिस्तान, मेजबान अमेरिका और कनाडा के साथ रखा गया है। भारत अपना पहला मैच 5 जून को कनाडा के खिलाफ खेलेगा। वहीं भारत-पाकिस्तान टी20 विश्व कप मैच 9 जून को खेला जाएगा।
