टीम इंडिया के साथ-साथ भारतीय फैंस भी हैरान हैं कि आखिर विराट कोहली ने किस कारण से शुरुआती दो टेस्ट मैच से ब्रेक लिया है। सोशल मीडिया पर इसको लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैलाई गई, जिसको लेकर खुद विराट के भाई ने आगे आकर सफाई दी। देर से ही सही लेकिन अब इस बात से पर्दा उठ गया कि विराट ने आखिर शुरुआती दो टेस्ट मैच से क्यों अपना नाम वापस लिया। इस बात का खुलासा और किसी ने नहीं बल्कि उनके प्रिय मित्र एबी डिविलियर्स ने की है।
दूसरी बार पिता बनने वाले हैं विराट
एबी डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए कहा कि विराट कोहली दूसरी बार पिता बनने वाले हैं और इसलिए वह अपने परिवार के साथ समय बिता रहे हैं।' इससे पहले इस बात की अफवाह फैलाई गई थी कि विराट की मां की तबीयत ठीक नहीं है और इस कारण विराट ने शुरुआती दो टेस्ट मैच से अपना नाम वापस लिया था।
इससे पहले जब बीसीसीआई ने विराट के शुरुआती दो टेस्ट मैच से नाम वापस लेने की बात कही थी तो साथ में सभी से यह अनुरोध भी किया था कि इसको लेकर फैंस किसी तरह का अनुमान न लगाएं। हालांकि, अब उनके मित्र डिविलियर्स ने विराट के न खेलने के सस्पेंस पर सही जानकारी साझा कर दी है। 5 मैच की टेस्ट सीरीज में 0-1 से पिछड़ रही टीम इंडिया को भरोसा है कि तीसरे टेस्ट में विराट टीम से जुड़ जाएंगे। तीसरा टेस्ट 15-19 फरवरी के बीच सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम राजकोट में खेला जाएगा।
