क्रिकेट

सौराष्ट्र बना विजय हजारे ट्रॉफी चैंपियन, शेल्डन जैक्सन ने फेरा रुतुराज गायकवाड़ खिताबी जीत के अरमानों पर पानी

  • Authored by: नवीन चौहानWritten by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 2, 2022, 05:50 PM IST

शेल्डन जैक्सन की आतिशी शतकीय पारी की बदौलत सौराष्ट्र ने महाराष्ट्र को मात देकर विजय हजारे ट्रॉफी 2022 पर कब्जा कर लिया है। जैक्सन ने महाराष्ट्र के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के खिताबी जीत के अरमानों पर पानी फेर दिया।

Image

सौराष्ट्र क्रिकेट टीम( साभार BCCI Domestic)

Photo : Twitter

अहमदाबाद: जयदेव उनादकट की कप्तानी वाली सौराष्ट्र ने शुक्रवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में महाराष्ट्र को 5 विकेट से मात देकर विजय हजारे ट्रॉफी 2022 पर कब्जा कर लिया है। जीत के लिए मिले 249 रन के लक्ष्य को 5 विकेट और 21 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। शेल्डन जैक्सन ने सौराष्ट्र के लिए मैच जिताऊ शतक जड़ा। पारी की शुरुआत करने आए जैक्सन 136 गेंद में 133 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं चिराग जानी ने 25 गेंद में 30 रन की नाबाद पारी खेलकर जीत की दहलीज पार कराने में जैक्सन का साथ दिया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी महाराष्ट्र की टीम कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की शतकीय पारी की बदौलत 9 विकेट पर 248 रन का स्कोर खड़ा कर सकी। जयदेव उनादकट की अगुआई वाली सौराष्ट्र ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए महाराष्ट्र के बल्लेबाजों को खुलकर बल्लेबाजी नहीं करने दी। शतक जड़ने के बाद रुतुराज भी रन आउट हो गए। उन्होंने 131 गेंद में 108 रन बनाए। उनके अलावा अजीम काजी ने 37 और नौसाद शेख ने 31 और सत्यजीत बचाव ने 27 रन की पारी खेली। जयदेव उनादकट ने 10 ओवर में 25 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। वहीं चिराग जानी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए। 1-1 सफलता प्रेरक मांकड और पार्थ भुत को मिली।

देसाई और जैक्सन ने दिलाई सौराष्ट्र को शानदार शुरुआत

खिताबी जीत के लिए 249 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र को हार्विक देसाई और शेल्डन जैक्सन की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 125 रन जोड़े। पारी के 27 वें ओवर में देसाई मुकेश चौधरी की गेंद पर 50 रन बनाकर लपके गए। इसी ओवर में चौधरी ने जय गोहिल को भी खाता खोले बगैर पवेलियन वापस भेज दिया। अचानक से सौराष्ट्र का स्कोर 125 रन पर 2 विकेट हो गया।

जैक्सन अंत तक थामे रहे मोर्चाऐसे में शेल्डन जैक्सन ने मोर्चा संभाले रखा। थोड़ी देर उनका साथ समर्थ व्यास ने दिया। समर्थ 12 रन बनाकर विकी ओस्तवाल का शिकार बने। इसके बाद अर्पित वसावड़ा भी 15 रन बनाकर ओस्तवाल की गेंद पर लपके गए। इसके बाद प्रेरक मांकड को बचाव ने बोल्ड कर दिया। 39.5 ओवर में 192 रन पर सौराष्ट्र की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। ऐसे में शेल्डन जैक्सन ने चिराग जानी के साथ मिलकर टीम को जीत की दहलीज के पार 46.3 ओवर में 5 विकेट शेष रहते पहुंचा दिया। महाराष्ट्र के गेंदबाज सौराष्ट्र के बल्लेबाजों को रोकने में नाकाम रहे। मुकेश चौधरी और विकी ओस्तवाल ने 2-2 विकेट लिए। एक विकेट सत्यजीत बचाव के खाते में गया।

14 साल बाद चैंपियन बना सौराष्ट्र

सौराष्ट्र की टीम 14 साल बाद विजय हजारे ट्रॉफी चैंपियन बनी है। पिछले साल सौराष्ट्र को रणजी चैंपियन बनाने वाले जयदेव उनादकट ने टीम को विजय हजारे ट्रॉफी भी दिला दी है।

(डेवलपिंग स्टोरी)

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article