क्रिकेट

इंग्लैंड में क्रिकेट प्रशंसकों के बीच आकर्षण का केंद बने वैभव सूर्यवंशी, एक झलक पाने को बेताब हैं फैन्स

भारत के 14 वर्षीय क्रिकेट स्टार वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड दौरे पर आकर्षण का केंद्र बन गए हैं। उनकी एक झलक पाने के लिए फैन्स बेकरार हैं।

Image

फैन्स को ऑटोग्राफ देते वैभव सूर्यवंशी (फोटो क्रेडिट Bharat Sharma X Screen Grab)

बेकेनहैम: रनों के प्रति अपनी बेतहाशा भूख और अद्भुत प्रतिभा के धनी वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड में ऑटोग्राफ दे रहे हैं, सेल्फी के लिए अनुरोध मान रहे हैं और उनकी झलक के लिए खेल प्रेमी घंटों गाड़ी चलाकर पहुंच रहे हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपने रिकॉर्ड तोड़ शतक के बाद भारत में घर घर चर्चित हो चुके बिहार के 14 वर्षीय इस खिलाड़ी ने अब अंडर-19 टीम के ब्रिटेन दौरे पर सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। उन्हें जानबूझकर मीडिया की नजरों से दूर रखा गया है लेकिन मैदान पर उनकी उपलब्धियां दुनिया के इस हिस्से में किसी की नजर से नहीं बची हैं।

ब्रिटेन में रहने वाले एक बड़े भारतीय प्रवासी समुदाय और स्थानीय लोगों की नजरें बेकेनहैम में पहले युवा टेस्ट के दौरान इस बाएं हाथ के बल्लेबाज पर टिकी थीं। लाल गेंद श्रृंखला के पहले मैच के आखिरी दिन केंट काउंटी क्रिकेट मैदान पर सूर्यवंशी से ऑटोग्राफ लेने के बाद बेकेनहम के एक स्थानीय बच्चे ने कहा,'वह मेरे आदर्श हैं। मुझे उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली पसंद है।'

सूर्यवंशी ने 10 दिन पहले वॉर्सेस्टर में इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ 50 ओवर के मैच में भारत अंडर-19 के लिए 78 गेंद में 143 रन की पारी खेली थी। इंग्लैंड अंडर-19 के बाएं हाथ के स्पिनर राल्फी अल्बर्ट वॉर्सेस्टर में सफेद गेंद के मैच और यहां युवा टेस्ट मैच का हिस्सा हैं। वह सभी प्रारूपों में इस भारतीय खिलाड़ी के आक्रामक रवैये से हैरान थे।

अल्बर्ट ने चौथे दिन के बाद कहा,'मैंने पूरी वनडे श्रृंखला में उन्हें (वैभव सूर्यवंशी) गेंदबाजी की। और फिर टेस्ट श्रृंखला के बाद आपको लगा होगा कि शायद वह थोड़ा धीमे हो जाएंगे, लेकिन उन्होंने इसी लय में खेलना जारी रखा। वह सही में एक अच्छे खिलाड़ी हैं।'

लंदन में रहने वाले भारतीय मूल के एक जोड़े ने इस शानदार सलामी बल्लेबाज को देखने के लिए ब्रिटिश राजधानी से दो घंटे का सफ़र तय किया। ब्रिटेन में सरकारी नौकरी करने वाले संजीव ने कहा, ‘‘मैं बस सूर्यवंशी के लिए आया था। मुझे उम्मीद है कि मैं उनके साथ एक तस्वीर ले पाऊंगा।' हालांकि उनकी सेल्फी लेने की उनकी इच्छा पूरी नहीं हुई क्योंकि खेल स्थानीय समयानुसार शाम 7.30 बजे तक चला और दोनों टीमें परिणाम के लिए जोर लगा रही थीं। सूर्यवंशी को अभी लंबा सफर तय करना है इसलिए उन्हें दुनिया भर के ध्यान से निपटने का कोई रास्ता निकालना होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article