क्रिकेट

U19 World Cup 2024: दक्षिण अफ्रीका को मात देकर 9वीं बार फाइनल में पहुंचा भारत, उदय और सचिन के सिर सजा जीत का सेहरा

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 6, 2024, 10:04 PM IST

भारत की अंडर अंडर 19 टीम ने विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले में मेजबान दक्षिण अफ्रीका को 2 विकेट से मात देकर नौवीं बार फाइनल में एंट्री कर ली है। कप्तान उदय सहारण और सचिन धस ने जीत की इबारत लिखी।

Image

उदय सहारण और सचिन धस(साभार ICC)

KEY HIGHLIGHTS
  • लगातार चौथी बार अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में पहुंचा भारत
  • कप्तान उदय सहारण और सचिन धर के बीच हुई मैच जिताऊ पार्टनरशिप
  • 32 रन पर भारतीय टीम ने गंवा दिए थे 4 विकेट

बेनोनी: कप्तान उदय सहारण(124 गेंद में 81 रन) और सचिन धस(95 गेंद में 96 रन) की शानदार पारियों की बदौलत टीम इंडिया ने मेजबान दक्षिण अफ्रीका को 2 विकेट के अंतर से मात देकर रिकॉर्ड नौवीं बार अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। लीग और सुपर सिक्स राउंड में अजेय रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया के सामने जीत के लिए 245 रन का लक्ष्य दक्षिण अफ्रीका ने रखा था। लेकिन भारत का टॉप ऑर्डर शुरुआत में लड़खड़ा गया और 32 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में कप्तान उदय सहारण ने सचिन धस के साथ मिलकर मुश्किल से उबारते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। दोनों जीत से पहले पवेलियन वापस लौट गए थे लेकिन राज लिंबानी ने 49वें ओवर की पांचवीं गेंद पर चौका जड़कर टीम को जीत दिला दी।

रिकॉर्ड नौवीं और लगातार चौथी बार की फाइनल में एंट्री

भारतीय टीम लगातार चौथी बार अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। पिछली बार भारतीय टीम यश ढुल की कप्तानी में फाइनल में पहुंची थी और पांचवीं बार खिताब अपने नाम करने में सफल हुई थी। इस बार फाइनल में भारतीय टीम की भिड़ंत ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच 8 फरवरी को बेनोनी में होने वाले मुकाबले के विजेता से होगी।

32 रन पर भारत ने गंवा दिए थे 4 विकेट

जीत के लिए 245 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही। टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाज क्वेना मफाका ने कहर बरपाते हुए जल्दी-जल्दी 4 विकेट चटका लिए। पारी की पहली ही गेंद पर आदर्श सिंह(0) नफाका का शिकार बने। इसके बाद लुस ने मुशीर खान(4) और अर्शिन कुलकर्णी को आउट करके भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ा दीं। 12वें ओवर की दूसरी गेंद पर प्रियांशु मोलिया लुस का तीसरा शिकार बने।

शतक से चूके सचिन, उदय के साथ की 171 रन की साझेदारी

इसके बाद कप्तान उदय सहारण और सचिन धस ने मोर्चा संभाला और टीम को 24.2 ओवर में 100 रन के पार पहुंचाया। इसके बाद भी दोनों पिच पर डटे रहे और 100 रन की साझेदारी 113 गेंद में पूरी की। इसी दौरान सचिन ने 47 गेंद में 9 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उदय ने एंकर की भूमिका अदा करते हुए 88 गेंद में पचासा 3 चौकों की मदद से जड़ा। दोनों के बीच 170 गेंद में 150 रन की साझेदारी हुई। लेकिन इस साझेदारी को 203 के स्कोर पर मफाका ने तोड़ दिया। उन्होंने सचिन धस को शतक पूरा नहीं करने दिया और कैच कराकर पवेलियन वापस लौटा दिया। उदय और सचिन के बीच पांचवें विकेट के लिए 171 रन की साझेदारी हुई।

उदय ने खेली 81 रन की पारी, बने प्लेयर ऑफ द मैच

टीम इंडिया लक्ष्य के करीब पहुंचते ही लड़खड़ा गई और जल्दी जल्दी तीन विकेट तीन ओवर गंवा दिए। आउट होने वालों में कप्तान उदय भी शामिल थे। जीत के लिए जब एक रन चाहिए था तब वो 81 रन बनाकर रन आउट हो गए। अंत में विजयी चौका लिंबानी जड़ा और टीम को नौवीं बार फाइनल में पहुंचा दिया। जीत के बाद कप्तान उदय को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

जीत के लिए दक्षिण अफ्रीका ने दिया 245 का लक्ष्य

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम 50 ओवर में 7 विकेट पर 244 रन बना सकी। दक्षिण अफ्रीका की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज हुआन-ड्रे प्रिटोरियस ने 102 गेंद में 76 जबकि रिचर्ड सेलेट्सवेन ने 100 गेंद में 64 रन की पारी खेली। दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत खराब रही। मेजबान टीम ने शुरुआती10 ओवर के भीतर ही स्टीव स्टॉक (12) और डेविड टीगर (00) के विकेट गंवा दिए। इन दोनों को तेज गेंदबाज राज लिम्बानी (60 रन पर तीन विकेट) ने आउट किया। दो विकेट जल्दी गंवाने के बाद प्रिटोरियस और सेलेट्सवेन ने इसके बाद तीसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़कर पारी को संभाला। इन दोनों ने हालांकि 22 से अधिक ओवर खेले।

भारतीय गेंदबाजों ने लगाई रन गति पर लगाम

दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष क्रम को भारत के तेज गेंदबाजों लिम्बानी और नमन तिवारी (52 रन पर एक विकेट) ने विलोमूर पार्क की पिच से मिल रही गति और उछाल से काफी परेशान किया। प्रिटोरियस और सेलेट्सवेन भी तेज गति से रन बनाने में नाकाम रहे जिससे इस साझेदारी के दौरान अधिकांश समय रन गति चार रन प्रति ओवर से कम रही। बाएं हाथ के स्पिनरों सौमी पांडे (38 रन पर एक विकेट) और मुशीर खान (43 रन पर दो विकेट) ने ऑफ स्पिनर प्रियांशु मोलिया के साथ मिलकर सटीक लाइन और लेंथ से गेंदबाजी करते हुए मेजबान टीम की रन गति पर अंकुश लगाया। प्रिटोरियस ने लगातार तीसरा अर्धशतक जड़ने के बाद मोलिया पर मिडविकेट पर छक्का जड़ा लेकिन मुशीर की गेंद पर मिडविकेट पर मुरुगन अभिषेक ने उनका शानदार कैच लपका।

पहली बार विरोधी टीम पहुंची 200 के पार

सेलेट्सवेन ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज तिवारी की गेंद पर एक रन के साथ 90 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। सेलेट्सवेन भी अर्धशतक को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे और तिवारी की गेंद पर बाउंड्री पर मोलिया को कैच दे बैठे। युआन जेम्स (19 गेंद में 24 रन) और ट्रिस्टन लूस (12 गेंद में 23 रन) की पारियों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका अंतिम 10 ओवर में 81 रन जोड़ने में सफल रहा। दक्षिण अफ्रीका टीम भारत के खिलाफ मौजूदा टूर्नामेंट में 200 रन के आंकड़े को पार करने वाली पहली टीम बनी।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article