स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए। पहले सत्र में ही जायसवाल ने अपना विकेट गंवाया। अपने टेस्ट करियर में तीसरी बार रन आउट होने वाले जायसवाल ने पहली पारी में 32 रन बनाए। 37 गेंद का सामना करते हुए यशस्वी जायसवाल ने अपनी पारी में 5 चौके लगाए।
भारत के श्रीलंका दौरे का आगाज हो गया। 15 अगस्त को गॉल में दोनों देशों के बीच दो टेस्ट मैच की सीरीज का पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। पहले सत्र में यशस्वी जायसवाल ने अपना विकेट गंवाया। जायसवाल ने पहले विकेट के लिए केएल राहुल के साथ 66 गेंद पर 47 रन की साझेदारी की। वह भारतीय पारी के 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हुए।
11वें ओवर की आखिरी गेंद पर घटी दुर्घटना
दरअसल, पारी का 11वां ओवर केशरा नुवांथा कर रहे थे। आखिरी गेंद पर केएल राहुल ने मिड-ऑन तरफ ड्राइक किया और सिंगल लेने के लिए निकल पड़े। नॉनस्ट्राइक पर खड़े यशस्वी जायसवाल भी क्रीज से बाहर निकले ही थे कि केशरा नुवांशा से टकरा गए, जो गेंद को रोकने के लिए दाईं ओर ड्राइव लगा रहे थे। जैसे ही केएल ने जायसवाल को गिरते देखा।
कन्फ्यूजन में गंवाई विकेट
उन्होंने ब्रेक मारा लेकिन जायसवाल वापस उठे और रन लेने के लिए एक कदम आगे निकले। अचानक उन्होंने रिवर्स मारा और बॉलर एंड पर दौड़े पड़े। केएल ने जायसवाल के इस कन्फ्यूज्ड इशारे को फिर से रन के लिए हां समझ लिया और दोनों बैट्समैन एक ही एंड पर आ गए। मिड-ऑन पर खड़े प्रभात ने बॉल कीपर को फेंकी। निरोशन डिकवेला ने बॉल को कलेक्ट किया और तुरंत बेल्स नहीं हटाईं। केएल राहुल ने जायसवाल से पहले बल्ला क्रीज के अंदर रखा, इसलिए जायसवाल आउट हो गए।
तीसरी बार रन आउट हुए जायसवाल
यशस्वी जायसवाल अपने टेस्ट करियर में तीसरी बार रन आउट हुए। इससे पहले 2024 में MCG में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ और पिछले साल दिल्ली में वेस्टइंडीज के खिलाफ भी वह रन आउट हुए थे। उन दो पारियों में उन्होंने क्रमशः 82 और 175 रन बनाए थे। श्रीलंका के खिलाफ भी वह आत्मविश्वास के साथ खेल रहे थे, लेकिन एक छोटी सी गलती के चलते उनकी पारी समाप्त हो गई।
