T20 World Cup 2024, ENG (England) vs OMA (Oman) Pitch Report And North Sound Antigua Weather Forecast: आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 में आज देर रात एक अहम मुकाबला खेला जाना है। आमने-सामने होंगी इंग्लैंड और ओमान की टीमें। ये मुकाबला भारतीय समय के मुताबिक देर रात 12.30 बजे होगा। मैच का आयोजन नॉर्थ साउंड (एंटीगा) के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला जाना है। ये मैच इंग्लैंड के लिए अभी से करो या मरो का हो चुका है जबकि इस मैच को मिलाकर उनके दो मैच बाकी हैं। वहीं दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलियाई टीम विवादित बयान दे चुकी है कि वो इंग्लैंड को बाहर करने का प्रयास करेगी।
पूर्व चैंपियन इंग्लैंड को सुपर 8 में जगह बनाने के लिए ग्रुप बी के अपने बाकी बचे दोनों मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। उसका दो मैच में केवल एक अंक है जो उसे स्कॉटलैंड के खिलाफ बारिश के कारण मैच नहीं हो पाने के कारण मिला था। इंग्लैंड को ओमान के बाद अपना आखिरी लीग मैच इसी मैदान पर नामीबिया के खिलाफ खेलना है। इन दोनों मैच में जीत के बावजूद भी इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया और स्कॉटलैंड के बीच होने वाले मैच में अनुकूल परिणाम के लिए दुआ करनी होगी।
इंग्लैंड-ओमान मैच की पिच रिपोर्ट (ENG vs OMAN Pitch Report)
इंग्लैंड और ओमान के बीच आज खेला जाने वाला टी20 विश्व कप 2024 का मुकाबला वेस्टइंडीज के एंटीगा में नॉर्थ साउंड के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में होने वाला है। अब तक यहां खेले दो मुकाबला एकतरफा साबित हुए। यहां बल्लेबाजों को फायदा मिल सकता है क्योंकि गेंद सीधे बल्ले पर आ रही है। तेज गेंदबाजों को भी यहां फायदा मिल सकता है। इस मैदान पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर 134 रन है। यहां सर्वाधिक स्कोर 190 रन कनाडा ने 2021 में बहामास के खिलाफ बनाया था। यहां अर्जेंटीना के तेज गेंदबाज हर्नेन फेनेल ने बेस्ट गेंदबाजी रिकॉर्ड अपने नाम किया है जब उन्होंने पनामा के खिलाफ 18 रन देकर 6 विकेट लिए थे।
आज कैसा रहेगा नॉर्थ साउंड एंटीगा का मौसम? (North Sound Weather Today)
इंग्लैंड और ओमान के बीच मैच नॉर्थ साउंड में होना है और सुपर-8 की रेस की दौड़ में लगी इंग्लैंड की टीम के लिए मौसम के लिहाज से खबर अच्छी नहीं है। मौसम विभाग ने मैच के दिन बारिश की संभावना व्यक्त की है। फिलहाल मैच से पहले यहां बादल छाए रहे हैं और उमस बहुत है। मैच के समय बारिश हो सकती है। यहां का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेंटीग्रेड रहने के आसार हैं।
इंग्लैंड और ओमान की टीमें (England and Oman Squads)
इंग्लैंड टी20 टीम: जोस बटलर (कप्तान), हैरी ब्रूक, सैम करन, बेन डकेट, टॉम हार्टले, विल जैक्स, क्रिस जॉर्डन, लियाम लिविंगस्टोन, आदिल राशिद, फिल साल्ट, रीस टॉपले, मार्क वुड, मोइन अली, जोफ्रा आर्चर, जॉनी बेयरस्टो।
ओमान टी20 टीम: आकिब इलियास (कप्तान), जीशान मकसूद, कश्यप प्रजापति, प्रतीक अठावले, अयान खान, शोएब खान, मोहम्मद नदीम, नसीम खुशी, मेहरान खान, फैयाज बट, शकील अहमद, खालिद कैल, बिलाल खान, रफीउल्लाह और कलीमुल्लाह।
