आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 (ICC World Cup 2023) से पहले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के लिए एक चिंताजनक खबर सामने आ गई है। उनकी टीम के दिग्गज बल्लेबाज व पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ (Steve Smith) चोटिल हो गए हैं। वो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली वनडे और टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। आने वाले दिनों में उनकी फिटनेस को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बहुत चिंतित रहने वाला है क्योंकि विश्व कप 2023 का आगाज 5 अक्टूबर से होने वाला है।
ताजा खबर के मुताबिक स्टीव स्मिथ को कलाई की चोट के कारण मैदान से बाहर होना पड़ा है। उनको इंग्लैंड के खिलाफ एशेज टेस्ट सीरीज के दौरान कलाई में चोट लगी थी जिसके कारण अब वो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पूरी सीमित ओवर सीरीज से बाहर हो गए हैं। हालांकि फिलहाल दावा यही है कि वो भारत में 22 सितंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज और उसके बाद विश्व कप 2023 के लिए उपलब्ध रहेंगे।
वहीं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू होने वाली आगामी टी20 सीरीज के लिए स्टीव स्मिथ की जगह एश्टन टर्नर (Ashton Turner) को टीम में शामिल किया गया है। वहीं वनडे सीरीज के लिए मार्नस लाबुशेन (Marnus Labuschagne) को टीम में जगह दी गई है।
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क भी ग्रोइन इंजरी से रिकवर कर रहे हैं और वो भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीमित ओवर सीरीज से बाहर ही रहेंगे। वो भी अब सीधे भारत के खिलाफ विश्व कप से पहले होने वाली वनडे सीरीज से मैदान पर उतरेंगे। उनकी भरपाई के लिए टी20 टीम में पहले से शामिल स्पेनसर जॉनसन को वनडे सीरीज के लिए रोका जाएगा। कप्तान पैट कमिंस भी कलाई में फ्रेक्चर से रिकवर कर रहे हैं, ऐसे में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में मिचेल मार्श ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान होंगे।
