क्रिकेट

SL vs ZIM 1st T20: रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका ने जिंबाब्वे को दी मात, मैथ्यूज चमके- सिकंदर रजा की मेहनत पर फिरा पानी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jan 15, 2024, 01:24 AM IST

श्रीलंका के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में जिंबाब्वे को 3 विकेट के अंतर से हार का मुंह देखना पड़ा है। श्रीलंका की जीत के हीरो एंजेलो मैथ्यूज रहे। सिकंदर रजा के कप्तानी प्रदर्शन पर पानी फिर गया।

Image

श्रीलंका बनाम जिंब्बावे पहला टी20

Photo : AP

कोलंबो: वनिंदु हसरंगा की कप्तानी में श्रीलंका ने जिंबाब्वे के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज की शुरुआत जीत के साथ की है। कोलंबो में खेले गए पहले मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और जिंबाब्वे को 5 विकेट पर 143 रन के स्कोर पर रोक दिया। कप्तान सिकंदर रजा ने सबसे ज्यादा 62 रन बनाए। इसके बाद श्रीलंका ने 144 रन के विजयी लक्ष्य को एंजेलो मैथ्यूज की 46 और दसुन शनाका की 26(18) रन की नाबाद पारी की बदौलत हासिल कर लिया।

श्रीलंका को जीत के लिए अंतिम 2 गेंद पर 6 रन बनाने थे। दुष्मंथा चमीरा ने पहेल चौका और उसके बाद दो रन लेकर टीम को 3 विकेट रहते जीत दिला दी। इस जीत के साथ सीरीज में मेजबान टीम 1-0 से आगे हो गई है।

महीष तीक्ष्णा ने दिए जिंबाब्वे को दोहरे झटके

पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिंबाब्वे की शुरुआत सधी हुई रही। छठे ओवर की पहली गेंद पर उसे पहला झटका तिनाशे कमुलहुकाम्वे के रूप में लगा। तीक्ष्णा ने उन्हें दुष्मंथा चमीरा के हाथों कैच करा दिया। तिनाशे ने 18 गेंद में 26 रन बनाए। इसके बाद तीक्ष्णा ने इसी ओवर की आखिरी गेंद पर क्रेग एर्विन को एलबीडब्लू करके जिंबाब्वे को दूसरा झटका दिया।

37 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद सीन विलियम्स और कप्तान सिकंदर रजा ने पारी को संभाला। दोनों ने स्कोर 83 रन तक पहुंचाया। 14वें ओवर की पहली गेंद पर विलियम्स वनिंदु हसरंगा की गेंद पर लपके गए। उन्होंने 14 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए रेयान बर्ल को वनिंदु हसरंगा ने बोल्ड कर दिया। वो 5 रन बना सके।

सिकंदर रजा ने खेली कप्तानी पारी

15.5 ओवर में 103 रन पर जिंबाब्वे के चार बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। एक छोर कप्तार रजा संभाले थे। उन्होंने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद 129 के स्कोर पर चमीरा की गेंद पर 62(42) रन बनाकर आउट हो गए। अंत में जिंबाब्वे की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 143 रन बना सकी।

51 रन पर श्रीलंका ने गंवाए चार विकेट

जीत के लिए 144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। 2 के स्कोर पर सलामी बल्लेबाज पथुम निशंका नागरवा की गेंद पर कैच दे बैठे। इसके बाद 32 के स्कोर पर कुसल परेरा और 38 के स्कोर पर कुसल मेंडिस पवेलियन लौट गए। 51 रन तक पहुंचते पहुंचते सदीरा समरविक्रमा भी पवेलियन लौट गए। 51 रन पर श्रीलंका ने 4 विकेट गंवा दिए थे।

मैथ्यूज बने संकटमोचक

इसके बाद चरिथ असलंका और एंजेलो मैथ्यूज ने मोर्चा संभाला। दोनों ने स्कोर को आगे बढ़ाया और 83 रन तक पहुंचाया। लेकिन इसी दौरान असलंका सिकंदर रजा की गेंद पर लपके गए। उन्होंने 16 रन बनाए। इसके बाद अगली ही गेंद पर कप्तान वनिंदु हसरंगा सिकंदर रजा की गेंद पर बोल्ड हो गए। वो अपना खाता भी नहीं खोल सके।

83 रन पर श्रीलंका ने गंवाए 6 विकेट

83 रन पर 6 विकेट गंवाने के बाद टीम को जीत दिलाने की जिम्मेदारी एंजेलो मैथ्यूज के कंधों पर आ गई। मैथ्यूज ने पूर्व कप्तान दसुन शनाका के साथ मोर्चा संभाला और टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। लेकिन पारी के आखिरी ओवर में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर लपके गए। मैथ्यूज ने 38 गेंद पर 46 रन की पारी खेली।

2 गेंद में 6 रन जड़कर चमीरा ने दिलाई जीत

मैथ्यूज के आउट होने के बाद दुष्मंथा चमीरा के कंधों पर जीत की जिम्मेदारी आ गई। बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने पहली ही गेंद पर चौका जड़ा और अगली गेंद पर 2 रन लेकर टीम को 3 विकेट से रोमांचक जीत दिला दी। मैथ्यूज को उनकी 46 रन की जुझारू पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। जिंबाब्वे के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट कप्तान सिकंदर रजा ने लिए। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करके भी रजा अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article