क्रिकेट

BAN vs SA First Test: बांग्लादेश को पहले टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका ने रौंदा, सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त

दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश को मीरपुर में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट के चौथे ही दिन सात विकेट से मात देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। आइए जानते हैं मैच के चौथे दिन कैसा रहा हाल।

Image

दक्षिण अफ्रीका बनाम बांग्लादेश (साभार Proteas Men)

KEY HIGHLIGHTS
  • बांग्लादेश को पहले टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका ने 7 विकेट से रौंदा
  • दो मैच की सीरीज में हासिल की 1-0 की बढ़त
  • कगिसो रबाडा ने दूसरी पारी में 39 रन देकर 6 विकेट

मीरपुर: अनुभवी तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा (दूसरी पारी में 39 रन पर छह विकेट) की शानदार गेंदबाजी के बल पर दक्षिण अफ्रीका ने दो मैचों की श्रृंखला के पहले टेस्ट मैच में गुरुवार को चौथे दिन बांग्लादेश को सात विकेट से शिकस्त देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। रबाडा की धारदार गेंदबाजी के सामने बांग्लादेश की दूसरी पारी 307 रन पर सिमटी जिससे दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 106 रन का लक्ष्य मिला। दक्षिण अफ्रीका ने लंच से पहले के सत्र में 22 ओवर में तीन विकेट पर 106 रन बनाकर मैच को अपने नाम किया।

पहली पारी में दक्षिण अफ्रीका ने हासिल की 202 रन की बढ़त

बांग्लादेश की पहली पारी 106 रन पर सिमटी थी जिसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने 308 रन बनाकर 202 रन की बढ़त हासिल की थी। बांग्लादेश ने दिन की शुरुआत अपनी दूसरी पारी में सात विकेट पर 283 रन से आगे से की लेकिन रबाडा और वियान मुलडर ने दूसरी नयी गेंद से बल्लेबाजों को ज्यादा मौके नहीं दिये।

रबाडा ने 15वीं बार चटकाए पारी में पांच विकेट

रबाडा ने दिन की शुरुआती ओवर में नईम हसन को एलबीडब्लू करके टेस्ट में 15वीं बार पांच विकेट झटकने का कारनामा किया। उन्होंने इसके बाद मेहदी हसन मिराज (97) को शतक पूरा करने से पहले चलता कर दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए टोनी डि जॉर्जी ने 41 जबकि ट्रिस्टन स्टब्स ने नाबाद 30 रन का योगदान दिया। बांग्लादेश के लिए पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले वामहस्त स्पिनर ताइजुल इस्लाम ने दूसरी पारी में तीनों सफलता हासिल की।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article