क्रिकेट

World Cup 2023: सौरव गांगुली ने टीम इंडिया की नंबर 4 की समस्या का समाधान, कहा-ये है सबसे उपयुक्त नाम

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Aug 19, 2023, 07:30 AM IST

सौरव गांगुली ने श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी में आगामी वनडे विश्व कप में बांए हाथ के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को मौका देने की वकालत की है। जानिए युवा खिलाड़ियों के बारे में विश्व कप के मद्देनजर पूर्व कप्तान ने क्या कहा?

Image

तिलक वर्मा(साभार BCCI)

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम चार साल में वनडे टीम में नंबर चार की समस्या का समाधान नहीं ढूंढ सकी है। श्रेयस अय्यर पिछले साल इस नंबर पर अपनी जगह पक्की करते दिख रहे थे लेकिन उनकी चोट ने फिर से परेशानी खड़ी कर दी। उनका विश्व कप से पहले फिट होना संदिग्ध नजर आ रहा है। सूर्यकुमार यादव लगातार मौके दिए जाने के बाद भी टी20 वाला करिश्मा वनडे में दोहरा पाने में नाकाम रहे हैं। ऐसे में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई अध्यक्ष रहे सौरव गांगुली ने एक युवा खिलाड़ी को इस बल्लेबाजी क्रम के लिए सबसे उपयुक्त खिलाड़ी करार दिया है।

तिलक वर्मा को देना चाहिए नंबर चार पर मौका

वेस्टइंडीज दौरे पर टीम इंडिया के लिए टी20 डेब्यू करने वाले तिलक वर्मा को गांगुली ने विश्व कप के लिहाज से सबसे उपयुक्त खिलाड़ी बताया है। कहा कि अगर आईसीसी विश्व कप 2023 में श्रेयस अय्यर उपलब्ध नहीं होते हैं तो भारत को चौथे नंबर पर बायें हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा को उतारना चाहिये। गांगुली ने कोलकाता में एक कार्यक्रम के दौरान कहा,किसने कहा है कि हमारे पास चौथे नंबर के लिये विकल्प नहीं है। हमारे पास अनेक बल्लेबाज हैं जो इस क्रम पर खेल सकते हैं। मेरी सोच अलग है , मैं अलग ढंग से देखता हूं। यह बेहतरीन टीम है। तिलक वर्मा भी एक विकल्प है चूंकि वह खब्बू बल्लेबाज है।'

तिलक बेहतरीन खिलाड़ी, अनुभन नहीं रखता है मायने

गांगुली ने कहा,'तिलक बेहतरीन युवा क्रिकेटर है। उसके पास ज्यादा अनुभव नहीं है लेकिन वह मायने नहीं रखता। मैं यशस्वी जायसवाल को भी शीर्षक्रम में देखना चाहता हूं। उसमें अपार प्रतिभा है और वह बेखौफ खेलता है। यह बेहतरीन टीम है।' उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण होना चाहिये। भारतीय टीम को 2003 विश्व कप के फाइनल में पहुंचाने वाले कप्तान ने कहा, टीम में अनुभवी और जायसवाल, वर्मा, ईशान किशन जैसे युवा खिलाड़ी होने चाहिये। वे मैदान पर जाकर बेखौफ खेल सकते हैं। राहुल (द्रविड़), रोहित और चयनकर्ताओं के पास कई विकल्प हैं। उन्हें बस तलाशकर सर्वश्रेष्ठ एकादश चुननी है।'

(भाषा इनपुट के साथ)

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article