गॉल: भारत के खिलाफ गॉल में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट में 165 रन के अंतर से करारी हार के बाद श्रीलंकाई टीम को करारा झटका लगा है। टीम को दो धाकड़ बल्लेबाज सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। रविवार 23 अगस्त से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए कुसल मेंडिस और दिनेश चांदीमल सीरीज उपलब्ध नहीं होंगे। भारतीय टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। श्रीलंका के सामने सीरीज बचाने की चुनौती आ खड़ी हुई है और ऐसे में उसे बल्लेबाजों की कमी से दो चार होना पड़ रहा है।
दिनेश चांदीमल कनकशन की वजह से हुए बाहर
कुसल मेंडिस दूसरे टेस्ट मैच से पहले हैमस्ट्रैंग की चोट से नहीं उबर पाएंगे। वहीं दिनेश चांदीमल कनकशन की वजह से दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। ऐसे में मेजबान टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। चांदीमल को फील्डिंग करते हुए चोट लगी थी और उनकी जगह टीम में पासिंडु सूरियाबंदारा को शामिल करना पड़ा था। आईसीसी के नियमों के अनुसार अगर किसी खिलाड़ी को सिर में चोट (कनकशन) के कारण बदला जाता है, तो वह अगले सात दिनों के लिए बाहर हो जाता है।
मेंडिस की ठीक नहीं हुई है हैमस्ट्रैंग की चोट
दोनों के टीम से बाहर होने की घोषणा श्रीलंका के कोच गैरी कर्स्टन ने की। उन्होंने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा,'कुसल मेंडिस को हैमस्ट्रिंग की गंभीर चोट लगी है, वे कुछ समय तक उपलब्ध नहीं रहेंगे। विकेटकीपर-बल्लेबाज मेंडिस को पिछले महीने लंका प्रीमियर लीग के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। कर्स्टन ने आगे कहा,'दिनेश अगले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं हैं, कुसल भी उपलब्ध नहीं हैं। इसलिए उस लिहाज से हम कुछ खिलाड़ियों की कमी महसूस कर रहे हैं, लेकिन इससे दूसरे खिलाड़ियों के लिए टीम में आने और अपनी जगह पक्की करने का शानदार मौका भी बनता है।' पथुम निसंका की गैरमौजूदगी से श्रीलंका की बल्लेबाजी पहले कमजोर हो गई है। उनकी जून में कलाई की सर्जरी हुई थी।
