श्रीलंका ने दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश को हराकर 2 मैच की टेस्ट सीरीज में 1-0 से कब्जा कर लिया। इस जीत के हीरो रहे बायें हाथ के स्पिनर प्रबाथ जयसूर्या जिन्होंने पांच विकेट चटकाए। उनकी इस शानदार स्पेल के दम पर श्रीलंका ने दूसरे क्रिकेट टेस्ट में बांग्लादेश को पारी और 78 रन से हरा दिया। टेस्ट के चौथे दिन बांग्लादेश का स्कोर छह विकेट पर 115 रन था और उसे श्रीलंका को दोबारा बल्लेबाजी के लिये भेजने के लिये 97 रन और बनाने थे । लेकिन आधे घंटे के भीतर बांग्लादेश ने बाकी चार विकेट गंवा दिये जिनमें से तीन जयसूर्या ने लिये।
दूसरी पारी में बांग्लादेश की टीम 133 रन पर आउट हो गई जबकि पहली पारी में उसने 247 रन बनाये थे । श्रीलंका ने पहली पारी में 458 रन बनाये थे जिसमें सलामी बल्लेबाज पाथुम निसांका का शतक और दिनेश चांदीमल (93) और कुसल मेंडिस (84) के अर्धशतक शामिल हैं। निसांका ने 158 रन की पारी खेली थी। यह इस सीरीज में उनका लगातार दूसरा शतक था। जयसूर्या ने 56 रन देकर पांच विकेट लिये जबकि धनंजय डिसिल्वा और थारिंदु रत्नायके को दो दो विकेट मिले। गॉल में पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था।
सीरीज में हार पर बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हसन शांतो ने निराशा जताई। उन्होंने कहा 'हमने इस टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, जिससे काफी निराशा हुई। पहली पारी में जिस तरह से हमने बल्लेबाज़ी की, वो बिल्कुल भी स्तर के अनुरूप नहीं थी, और वही हार का कारण बना। मुझे अब भी लगता है कि हमें पहले बल्लेबाज़ी करनी चाहिए थी। जिस तरह से हमने विकेट गंवाए, वह बिल्कुल भी ठीक नहीं था। पहली पारी की बल्लेबाज़ी में हमने कई गलतियां कीं। उम्मीद है कि आगे जाकर वे खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। अब श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच पहले 3 वनडे और फिर 3 टी20 मुकाबले खेले जाएंगे।
